Spread the love

डीआरडीए ने किया इसका आयोजन, 10 दिनों तक देश के विभिन्न इलाकों से आए हस्तशिल्पी

कुल्लू। ज़िला कुल्लू के ढालपुर रथ मैदान में ज़िला ग्रामीण विकास परियोजना अभिकरण (डीआरडीए) का 10 दिवसीय सरस मेला मंगलवार को शुरू हुआ। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने इसका शुभारंभ किया। 

मुख्य संसदीय सचिव ने मेले में विभिन्न विभागों व स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा पर्व के बाद अब इस मेले के आयोजन से बहुत से लोगों को रोजगार मिलेगा और इनकी आजीविका में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान भी देश के विभिन्न इलाकों से हस्तशिल्प से जुड़े हुए लोग यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरस मेले के माध्यम से भी यहां लोगों को कई राज्यों की हस्तशिल्प उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा कई स्वयं सहायता समूह के द्वारा भी यहां प्रदर्शनी लगाई गई है, जिससे इन समूह की आर्थिकी भी मजबूत होगी। 

सुंदर ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार भी हस्तशिल्प और हथकरघा को प्रोत्साहित कर रही है और उनके संवर्धन के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं भी चला रही है। इसका हस्तशिल्प और हथकरघा से जुड़े लोगों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ढालपुर की मुख्य सड़क के यातायात को प्रत्येक सांय सर्कुलर रोड से चलाया जाएगा तथा मुख्य सड़क को मालरोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पर स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बिक्री कर सकेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त कुल्लु तोरुल एस. रवीश, ज़िला ग्रामीण विकास परियोजना अधिकारी डॉ. जयवंती ठाकुर, अरण्यपाल कुल्लू संदीप शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *