Spread the love

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बागवानों के हितैषी

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को जनजातीय जिला किन्नौर के अतिम ग्रांम पंचायत छितकुल व रकछम का दौरा कर 22 लाख रुपये की राशि से बने सेरिगचे में वन रक्षक निवास भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने रकछम में सम्पर्क सडक युक्टो व 27 लाख रुपये की राशि से र्निमित वन्य जीव विश्राम गृह रकछम का लोकार्पण किया तथा 1 करोड 48 लाख रुपये खर्च कर सीवरेज उपचार संयंत्र छितकुल व बहुउद्देशीय हॉल छितकुल का शिलान्यास किया और 13 लाख की लागत से बने महिला मण्डल भवन छितकुल का भी लोकार्पण किया। 

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में हिमाचल सहित जनजातीय जिलों का समग्र विकास सुनिश्चित होने के साथ-साथ प्रदेश के किसानों तथा बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए इस वर्ष से यूनिवर्सल कार्टन लागू कर दिया गया है, जिससे जिले के लघु एवं सीमान्त बागवानों को अपनी फसल का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।

बागवानी मंत्री ने बताया कि छितकुल किन्नौर जिले का ही नहीं, देश के सीमांत क्षेत्र से जुडा हुआ होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है तथा प्रदेश सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए वचनबद्व है। उन्होंने छितकुल व रकछम गांव के आम जनमानस की समस्याओं को भी सुना तथा प्राप्त हुई सभी उचित मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बटसेरी गांव पहुंच कर 20 लाख रुपये की राशि से निर्मित उख्ंयाग सनतंग का सौंदर्यकरण, 4 लाख 61 हजार से जेएसडब्ल्यू द्वारा मन्दिर परिसर में लगाए गए हाई मास्ट लाईट व 1 करोड 61 लाख रुपये की लागत से निर्मित विश्व बैंक द्वारा वित पोषित हिमाचल प्रदेश हॉटीकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत सिंचाई टैंक व पाईप लाईन का लोकार्पण किया तथा 5 लाख रूपये की लागत से बनने वाले श्री बद्री नारायण जी बटसेरी के प्रांगण में सामुदायिक भवन प्रार्थना सभा व 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामूहिक बैठक स्थल चोरिंग का भी शिलान्यास किया।   

कैबिनेट मंत्री ने बटसेरी में जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू किसानों, बागवानों एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए निरन्तर कार्य कर रहे हैं ताकि ग्रामीण लोगों की आय में इजाफा हो सके। इसके अतिरिक्त जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य व सडक सुविधाएं प्रदान की जा रही है और वर्तमान राज्य सरकार की समावेशी नीतियों का लाभ दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को मिल रहा है।  

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पिताम्बर नेगी, किनफैड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, वनमण्डलाधिकारी अरविंद कुमार, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग आनंद कुमार शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत टाशी नेगी, तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत छितकुल सुभाष चन्द्र, प्रधान रकछम सुशील कुमार, प्रधान बटसेरी प्रदीप कुमार सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *