शिमला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हिमाचल प्रदेश कोविड-19 साॅलिडैरिटी रिस्पाॅन्स फंड के लिए मुख्यमंत्री को 2,44,500 रुपये का अशंदान दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आज राजभवन पहुंचने के दौरान यह अंशदान दिया।
उधर, राज्यपाल ने भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में कोविड-19 के लिए उठाए गए कदमों तथा वर्तमान स्थिति के बारे में भी अवगत कराया।
राज्यपाल ने महावीर जयंती के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने अपने सन्देश में कहा कि भगवान महावीर द्वारा दी गई अहिंसा, सत्य और त्याग की शिक्षा आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने के लिए इनका पालन करना चाहिए।
राज्यपाल ने कोरोना वायरस के संबंध में राजभवन के अधिकारियों के साथ एक बैठक की और कोविड-19 से निपटने में राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
