शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा सेवा सप्ताह के रूप में मनाएगी। पीएम मोदी के 70वें जन्मदिन पर भाजपा 70 दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग एवं उपकरण प्रदान करेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने शनिवार को यहां पर यह बात कही।
कश्यप ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 17 सितम्बर को जन्मदिवस है और पार्टी हर वर्ष प्रधानमंत्री का जन्मदिवस ’’सेवा सप्ताह’’ के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष पार्टी के सभी कार्यकर्ता विभिन्न प्रकार के सेवा के कार्यक्रम पूरे सप्ताहभर करके प्रधानमंत्री की दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा सप्ताह 14 सितम्बर से 20 सितम्बर, 2020 तक पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह को प्रभारी बनाया गया है। सुरेश कश्यप ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का 70वां जन्मदिवस है, इसलिए इस सेवा सप्ताह में प्रत्येक मंडल में कम से कम 70 दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग एवं उपकरण प्रदान करने का पार्टी ने निर्णय लिया है। इसी प्रकार गरीब लोगों को आवश्यकतानुसार चश्मे प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में गरीब बस्ती एवं अस्पतालों में कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए फल वितरण के कार्यक्रम किए जाएंगे तथा कोविड-19 से प्रभावित 70 लोगों को स्थानीय आवश्यकतानुसार एवं अस्पताल के माध्यम से प्लाजमा डोनेट कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान युवा मोर्चा प्रदेशभर में रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगा तथा प्रत्येक बूथ पर वृक्षारोपण के कार्यक्रम एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा एक बार प्रयोग होने वाले प्लास्टिक (सिंगल यूज़ प्लास्टिक) से मुक्ति का संकल्प लेकर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व व कृतत्व पर वेबिनार के माध्यम से 70 बड़ी वर्चुअल काॅन्फ्रेंस का आयोजन होगा। इन काॅन्फ्रेंस में समाज के बुद्धिजीवी एवं प्रबुद्ध नागरिकों का उद्बोधन होगा। प्रधानमंत्री द्वारा किये गये कार्य एवं व्यक्तित्व पर प्रदेश में इस वर्ष कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए उनसे संबंधित 70 स्लाइड की प्रदर्शनी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित एवं प्रस्तारित होगी।
25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के कार्यक्रमों के प्रभारी बने कृपाल परमार
सुरेश कश्यप ने कहा कि 25 सितम्बर को हम सबके प्रेरणा स्त्रोत एवं पार्टी की विचारधारा प्रदान करने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। दीनदयाल की जयंती पर पार्टी प्रत्येक वर्ष बूथ स्तर पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजंलि के कार्यक्रम करती है और इस वर्ष भी यह कार्यक्रम बूथ स्तर पर किए जाएंगे। साथ ही कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए वेबिनार के माध्यम से प्रत्येक जिले में पार्टी की विचारधारा एवं पं. दीनदयाल के जीवन पर उद्बोधन के कार्यक्रम किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गांधी जयंती पर सिद्धांत स्वदेशी, खादी, स्वाबलंबी, सादगी एवं स्वच्छता के बारे में जागरूकता अभियान चलाएगी भाजपा
सुरेश कश्यप ने कहा कि 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष देशभर में गांधी संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया था। बापू के सिद्धांत स्वदेशी, खादी, स्वाबलंबी, सादगी एवं स्वच्छता के बारे में जागरूकता अभियान चलाया गया था। कश्यप ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा को प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों में पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, निगमो, बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा जनप्रतिनिधि सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
