Spread the love

शिमला।‌ भाजपा के राज्य सभा सांसद हर्ष महाजन से कहा कि राज्य में हिम केयर योजना जिस प्रकार से चल रही थी, उसी प्रकार से चलनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश की सुख की सरकार जनता का सुख देख ही नहीं पा रही है और हर दिन जन विरोधी फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि हिम केयर योजना पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुरू की थी, जिससे हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को घर द्वार स्वास्थ्य सुविधा मिल रही थी और इस सुविधा का बड़ा लाभ उपलब्ध हो रहा था। 

महाजन ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इस योजना को केवल इसलिए बदलने का प्रयास किया, क्योंकि यह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा शुरू की गई थी। इसके पीछे किसी भी प्रकार का तर्क कांग्रेस सरकार के पास नहीं है कि इस चली चलाई योजना में बदलाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में इस योजना का अभूतपूर्व लाभ जनता को हुआ है और इसका रिकॉर्ड तो सरकार के पास भी उपलब्ध है। शायद इसी कारण कांग्रेस सरकार को परेशानी हो रही है कि पूर्व भाजपा सरकार की योजना इतनी हिट कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस योजना को सर्वस्पर्शी बनाने का काम किया गया था और इसके पीछे के भाव को वर्तमान सरकार समाप्त करना चाहती है। 

हर्ष महाजन ने यह भी कहा कि ऐसी क्या नौबत आ गई की धर्मशाला बस अड्डे का नाम स्व. जीएस बाली के नाम पर रखने की आवश्यकता आन पड़ी। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी अपना वर्चस्व कांगड़ा जिले में खो रही है जिस कारण उन्हें ऐसी घोषणा करनी पड़ गई। उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि जिस प्रकार का नाम पहले था उसी प्रकार का नाम बस स्टैंड का रहने देते, नाम जोड़ने से सुविधा में परिवर्तन नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि केवल मात्र चली चलाई व्यवस्था को अवस्थित करने का कार्य अगर कोई सरकार कर रही है तो वह केवल वर्तमान कांग्रेस सरकार है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *