Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को सदन में एक विशेष समारोह के दौरान 3 नव निर्वाचित विधायकों को सदस्य पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में देहरा से सदस्य कमलेश ठाकुर, हमीरपुर से आशीष शर्मा तथा नालागढ़ से हरदीप सिंह वाबा शामिल थे। 

गौरतलब है कि कमलेश ठाकुर मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी हैं। हिमाचल विधानसभा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि पति-पत्नी दोनों विधानसभा के सदस्य बने हैं। शपथ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, ग्राम एंव निगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, संसदीय सचिवगण, विधायकगण, राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, पूर्व विधायक हरभजन सिंह भज्जी एवं तिलक राज शर्मा, जिलाधीश शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक जिला शिमला संजीव गांधी तथा अन्‍य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने कार्यवाही का संचालन किया। 

उम्मीद है सभी सदस्य अपना बहुमूल्य सहयोग देंगे तथा वह इन्हें पूरा संरक्षण देंगे – पठानिया 

विधायकों के शपथ समारोह के बाद मीडिया को सम्बोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि‍ आज नव निर्वाचित तीन सदस्यों ने विधानसभा सदस्य पद की शपथ ग्रहण की है तथा वे इन सभी विधायकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं। पठानिया ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि ये सभी अपना बहुमूल्य सहयोग देंगे तथा वह इन्हें पूरा संरक्षण देंगे। 

पठानिया ने कहा कि वे अपेक्षा करते हैं कि ये सभी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की उपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे तथा समर्पण की भावना से जनहित में कार्य करेंगे तथा अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान ढूंढने का प्रयास करेंगे। 

आगामी मानसून सत्र के आयोजन से सम्बन्धित पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मानसून सत्र 28 अगस्त से पहले आरम्भ करना संवैधानिक जिम्मेवारी है क्योंकि बजट सत्र 28 फरवरी को सम्पन्न हुआ था। इसलिए छह महीने से पूर्व सत्र का आयोजन करना अनिवार्य है। ऐसे में मानसून सत्र का आयोजन अगस्त माह के आखिरी सप्ताह में किया जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *