Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने 15 राजनेताओं का राजनीतिक भविष्य पूरी तरह चौपट कर दिया है। इनमें भाजपा के 9, कांग्रेस के 4 व 2 निर्दलीय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस से गए छह व तीनों निर्दलीयों को पार्टी टिकट देकर अपने नेताओं का तिरस्कार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समय से पूर्व 9 विधानसभा उप चुनाव थोपने के लिये भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल व पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को अपने इस कृत्य के लिये इन नेताओं से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कहा कि प्रदेश पर अकारण उप चुनाव थोपने के लिये भी इन नेताओं को अब पद छोड़कर राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए।

रजनीश किमटा ने रविवार को यहां कहा कि प्रदेश में भाजपा का कांग्रेस सरकार के खिलाफ ऑपरेशन लोटस बुरी तरह फ्लॉप हुआ है। भाजपा ने जोड़-तोड़ व धनबल से सत्ता हथयाने का जो असफल प्रयास किया था उसके चलते भाजपा ने अपने कर्मठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के विश्वास को भी तोड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छह विधायकों के साथ मिलकर धनबल पर राज्यसभा की सीट चुराई। इसके बाद तीन निर्दलीय विधायकों को भी विधानसभा से त्यागपत्र दिलाया। इन 9 विधानसभा उप चुनावों में इन सभी नेताओं को पार्टी टिकट देकर भाजपा ने अपने कर्मठ नेताओं का जो तिरस्कार किया है उसे यह नेता कभी भूलने वाले नहीं।

रजनीश किमटा ने कहा कि विधानसभा उप चुनावों के परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश के लोग न तो धनबल पर कोई विश्वास रखते हैं और न ही दलबदल पर। अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिये भाजपा ने प्रदेश में जो खेल खेला उसके लिए प्रदेश के लोग उसे अब कभी माफ नही करेंगे। किमटा ने कहा कि इन उप चुनावों के बाद प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की संख्या अब 40 हो गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओर भी मजबूत हो गई है। अब भाजपा का कोई भी सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र नहीं चल पाएगा। 

सीएम से मिले किमटा, जीत पर दी बधाई 

रजनीश किमटा ने रविवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें विधानसभा उप चुनावों में जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत ने प्रदेश के लोगों ने उनके मजबूत नेतृत्व को अपनी मोहर लगा दी है। उन्होंने इसके लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कनेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों व नेताओं का आभार जताया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *