Spread the love

यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा निर्देशों का करें पालन – तोरुल एस रवीश 

कुल्लू। कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र की प्रसिद्ध श्रीखंड यात्रा रविवार को शुरू हो गई। यात्रा का पहला जत्था रविवार प्रातः 5 बजे सिंघगाड़‌ से‌ रवाना हुआ। उपायुक्त कुल्लू एवं श्रीखण्ड महादेव यात्रा ट्रस्ट की अध्यक्ष तोरुल एस रवीश ने रविवार प्रात: निरमंड के सिंघगाड़ से श्रीखण्ड यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने श्रीखंड यात्रा के लिए पहला जत्था भी रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालु यात्रियों से अपील की कि प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन कर यात्रा को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि कोई भी यात्री बिना पंजीकरण और मेडिकल चैकअप के यात्रा पर न जाएं। इससे यात्रा में जान का जोखिम हो सकता है। 

डीसी ने श्रद्धालुओं को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि यात्रा के दौरान ट्रस्ट द्वारा जारी सभी दिशा-निदेर्शों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित हो सके। उपायुक्त ने इस दौरान यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से कूड़ा-कचरा विशेषकर प्लास्टिक का कचरा जंगल में न फेंकने का आग्रह किया। उन्होंने सभी यात्रियों से इस दौरान सहयोग की अपील भी की। 

उत्तर भारत की सबसे कठिनतम धार्मिक यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा आधिकारिक तौर पर रविवार 14 जुलाई से शुरु की गई है। यह यात्रा 14 से 27 जुलाई तक यह यात्रा चलेगी। 

13 जुलाई को यात्रा ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश 3 किलोमीटर पैदल चलकर बेस कैंप सिंहगाड़ देर शाम पहुंची। यहां उन्होंने श्रीखंड सेवा समिति के पंडाल में शिव भक्तों के साथ संध्याकाल की शिव आरती में हिस्सा लिया। यहां पर सभी तैयारियों का निरीक्षण भी किया। सभी यात्रियों का मेडिकल चेकअप सुनिश्चित किया जा रहा है, इसका भी उन्होंने निरीक्षण किया। 

रविवार सुबह 5 बजे उपायुक्त कुल्लू ने पहला जत्था यात्रा के लिए रवाना किया। इसके बाद विभिन्न जत्थों में करीब 700 श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। उपायुक्त ने इस मौके पर कहा कि इस बार की श्रीखंड यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा यात्रियों के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा से पूर्व श्रीखंड के रास्ते बनाकर तैयार किए हैं और रास्ते में पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से तैयार कर दी गई है। यात्रा में पुलिस, रेस्क्यू टीम, एसडीआरएफ, मेडिकल, रेवेन्यू की टीमें हर बेस कैंप पर तैनात की गई है। उन्होंने शिव भक्तों से यात्रा में मादक पदार्थों का सेवन न करने और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की है।

इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ट उपाध्यक्ष एवं यात्रा ट्रस्ट के संस्थापक बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष कुल्लू पंकज परमार, यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, तहसीलदार निरमंड जयगोपाल शर्मा, डीएसपी चंद्र शेखर कायथ, ट्रस्ट के सदस्य गोविंद शर्मा, जिला परिषद सदस्य पूर्ण ठाकुर, स्थानीय पंचायत की प्रधान सुषमा कटोच, उप प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, जुआगी के उप प्रधान रणजीत ठाकुर आदि भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *