कहा – भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ चुकी सरकार, भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री कार्यकाल का संलिप्तता दुर्भाग्यपूर्ण
सरकार की तानाशाही का होगा अंत, चुनाव बाद सीएम नहीं रखेंगे सुक्खू
होशियार की जासूसी पर बोले, हताशा बता रही है चुनाव हार गये हैं मुख्यमंत्री
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ चुकी है। भ्रष्टाचार में मामले में सीधे-सीधे मुख्यमंत्री का नाम आना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इन घोटालों में मुख्यमंत्री के अत्यन्त करीबी लोगों के नाम सामने आना और भी निराशाजनक है।
जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में ही बैठकर टेंडर की शर्ते तय की जा रही है। उन्हीं के इशारे पर लोगों को काम आवंटित किया जा रहा है। अपने लोगों को लाभ देने के लिए घोटाले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 175 करोड़ का टेंडर 245 करोड़ में दिया जा रहा है। हैरत की बात यह है कि जिस समय प्रदेश में चुनाव चल रहे हैं उसी समय यह घोटाले भी हो रहे हैं। सरकार को किसी प्रकार का भय नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माइनिंग घोटाले में मुख्यमंत्री के बेहद क़रीबियों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा के समय भी सीएम के बेहद करीबी लोगों के क्रशर चल रहे थे और बाक़ी के क्रशर को सरकार ने बंद करवा रखा था। यही नहीं, सरकार बनने के दो महीने के भीतर ही सरकार ने माइनिंग पॉलिसी में परिवर्तन करके अपने क़रीबियों और मित्रों को लाभ पहुंचाया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस तरह से सुक्खू सरकार के भ्रष्टाचार सामने आ रहे हैं, वह एकदम चौंकाने वाले हैं। प्रदेश में पहले ऐसी सरकार किसी ने नहीं देखी। जहां विकास शून्य और घोटाला चरम पर है। दिन ब दिन प्रदेश को क़र्ज़ के बोझ तले दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं, किसानों, बेरोज़गारों, बागवानों सभी के साथ ठगी कर रही है। हर वर्ग सरकार से त्रस्त है और सड़कों पर है। इसी कारण है कि लोकसभा चुनावों में मुख्यमंत्री समेत अधिकतर मंत्री अपने हल्के में चुनाव हार गये। प्रदेश के लोगों द्वारा इस भ्रष्टाचारी सरकार को नकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ होगा। भाजपा तीनों सीटें जीतेगी और कांग्रेस में सत्ता परिर्वतन भी होगा।
होशियार की जासूसी पर बोले, हताशा बता रही है चुनाव हार गये हैं मुख्यमंत्री
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी और समर्थकों को जिस तरह से सत्ता के बल पर प्रताड़ित कर रहे हैं उससे यह साफ़ हो गया है कि मुख्यमंत्री ने चुनाव में अपनी हार मान ली है और वह हार की खीझ निकाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी पता है कि रिजल्ट आने के बाद वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और अपनी हार का बदला लेने के लिए सत्ता का दुरूपयोग नहीं कर पाएंगे। इसलिए वह चुनाव के पहले ही अपना हिसाब बराबर करने में जुटे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज तक इस तरह से सत्ता का दुरूपयोग नहीं हुआ है। सरकार ने तानाशाही की सारी सीमाएं लांघ दी है। प्रदेश के लोग इस तानाशाही का डटकर जवाब देंगे और देहरा से होशियार सिंह समेत सभी प्रत्याशी रिकॉर्ड वोटों से जीतेंगे।
