शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह मजबूत और स्थिर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और 13 जुलाई के बाद इसकी संख्या में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी। वे शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
रजनीश किमटा ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा उप चुनावों के लिये भाजपा पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक षड्यंत्र के तहत धनबल पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की जो असफल कोशिश की, उसका परिणाम है कि कांग्रेस के चार विधायकों को भाजपा में जाकर इन उपचुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब तीन निर्दलीय विधायकों को भी भाजपा के टिकट पर इन चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ेगा।
किमटा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें वह प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चंद दिनों की मेहमान बता रहे है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का यह बयान उनके पद की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इसका कोई भी आधार नहीं है। कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और इसे कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा उप चुनावों में मिली हार के बाद भाजपा पूरी तरह से बैकफुट पर है। प्रदेश में होने जा रहे तीन उप चुनावों में भी भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। कांग्रेस इन तीनों सीटों पर अपनी जीत का परचम लहरायेगी।
किमटा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल में कर्मचारियों को ओपीएस व महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि देने की गारंटी को पूरा किया है। भाजपा को प्रदेश में जनहित के कार्य नजर नही आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का अब कोई भी षड्यंत्र सफल होने वाला नहीं है।
किमटा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के कुशल मार्गदर्शन से प्रदेश की कांग्रेस सरकार के सभी मंत्री व नेता जिस प्रकार से प्रदेश में विकास कार्यों में तेजी ला रही है, उससे साफ है कि भाजपा के पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है।
उप चुनावों के प्रभारियों और सह प्रभारियों से की चुनावों को लेकर की चर्चा
इस बीच, रजनीश किमटा ने शनिवार को विधानसभा उप चुनावों के प्रभारियों व सह प्रभारियों के साथ बातचीत कर इन चुनाव क्षेत्रों का पूरा फीडबैक लिया। उन्होंने सभी चुनाव प्रभारियों व सह प्रभारियों से, जिन्हें इन चुनाव क्षेत्रों में जो जिम्मदारियां दी गई है, उनमें उन्हें तुरंत प्रभाव से मैदान में डटने को कहा। उन्होंने पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों से अपने दायित्व का सही ढंग से पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी नेता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूरे तालमेल से कार्य करें।
