शिमला। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद शशि थरूर ने दावा किया है कि 4 जून को केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने वाली है। देश की जनता ने इस बार पूरी तरह से बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही यूएपीए कानून में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना अपराध के जनता को जेल के अंदर भेजा जाता है, जिससे लोगों को समय पर न्याय नहीं मिलता है। दूसरी तरफ पीएम मोदी आज डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान को खतरे में डाला जा रहा है। वे मंगलवार को यहां एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
शशि थरूर ने इस दौरान पीएम मोदी निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी ने 2014 में देश की जनता से कई वायदे किए थे, लेकिन आज भी एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाए हैं। मोदी ने दो करोड़ नौकरी प्रतिवर्ष देने का वादा किया था। आज देश बेरोजगारी चरम पर है। किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था। आज किसान अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर है। देश में महंगाई चरम पर है। लेकिन पीएम मोदी मुद्दों की बात नहीं करते, बल्कि देश को धर्म-जाति के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही देश की जनता को सामाजिक न्याय देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 5 न्याय और 25 गारंटियां जो मेनिफेस्टो में दी है, उसे पूरा किया जाएगा। हिस्सेदारी न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, युवा न्याय और श्रमिक न्याय के साथ 25 गारंटियां दी हैं। जिसे पूरा कर देश की जनता को समृद्ध व सशक्त किया जाएगा।
शशि थरूर ने कहा कि इस बार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन बहुत आगे निकल गई है। जो बहुमत कांग्रेस को 2019 में मिला था, इसके उलट इस बार रिपोर्ट मिल रही। उन्होंने कहा कि इस बार हरियाणा में 5-7 सीटें, राजस्थान में 10-12 सीटें,कर्नाटक में 12-15 सीटें, केरल 15-17 तेलंगना में 10-12 कांग्रेस मिलने जा रही हैं। जबकि भाजपा पिछले बहुमत से बहुत नीचे जा रही है। इंडिया गठबंधन बिहार में तेजस्वी यादव के साथ आगे बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में भी इंडिया गठबंधन को अच्छी सीटें मिल रही हैं।
थरूर ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कांग्रेस के मेनिफेस्टो में नहीं लिखा है, मोदी वह बोलते हैं। पीएम मोदी ओबीसी आरक्षण पर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश में जीने का हक छीनने का प्रयास कर रहे हैं। पीएम पद से पूरा देश उनकी इज्जत करता है लेकिन पीएम पद पर रहते हुए उनके मुंह से बहुत बुरी बातें निकल रही हैं जो देश के लिए अच्छी नहीं है इस तरह की बातें न करें तो अच्छा होता। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी धर्म-सम्प्रदाय-जाति के आधार पर बांटने का काम कर रहे हैं। मोदी देश के भविष्य की बात करें देश के युवाओं को नौकरी दें, महिलाओं को सुरक्षा दें। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दस साल के शासन का रिपोर्ट कार्ड दें। जनता की भलाई के लिए क्या किया उसका जवाब दें। उन्होंने देश की जनता से मतदान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईवीएम के नाम पर डरें नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट जरूर करें।
