सोलन। भाजपा की शिमला संसदीय क्षेत्र की अहम बैठक सोलन में हुई। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस दौरान उनके साथ संसदीय क्षेत्र प्रभारी पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, राजीव सैजल, प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, सुरेश भारद्वाज और प्रदेश पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। इस बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाहन रैली रहा। इस रैली में शिमला संसदीय क्षेत्र से 50 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। बैठक में मंडल अनुसार वृत भी लिया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पिछले एक महीने के प्रचार में कांग्रेस सरकार की डेढ़ साल की एक भी उपलब्धि नहीं गिना पाए और उन्होंने इस बात को स्वीकार कर लिया कि कांग्रेस की सरकार महा निकम्मी सरकार निकली है क्योंकि उन्होंने डेढ़ साल भाजपा को गाली देते हुए बीता दिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि डेढ़ महीने के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि उन्होंने 2022 के चुनाव में 97 प्रतिशत हिन्दुओं को हराने का दावा किया था तो 2024 में यह दावा क्यों नहीं कर रहे हैं। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि अभी तक मुख्यमंत्री और सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया कि श्रीराम का विरोधी, श्रीराम जन्म स्थान पर राम मंदिर का विरोधी, जिसने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकार दिया ऐसे अधिवक्ता मनु सिंघवी को राज्य सभा का उम्मीदवार क्यों बनाया ?
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने यह रहस्योद्घाटन किया कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो दोबारा से भगवान श्रीराम को टैंट में रख दिया जाएगा। अर्थात विशेष कानून लाकर श्रीराम जन्म स्थान पर निर्मित भव्य राम मंदिर को ध्वस्त किया जाएगा। ऐसी सनातन विरोधी, राम विरोधी, विकास विरोधी, तुष्टिकरण की राजनीति पर चलने वाली, जाति, धर्म, सम्प्रदाय पर देश और प्रदेश को बांटने वाली कांग्रेस पार्टी हिमाचल की जनता से वोट मांगने की हकदार नहीं हो सकती।
डॉ. बिंदल ने कहा कि देश चलाना चूरन बेचना नहीं है, उसके लिए 56 इंच का सीना चाहिए जो पीएम नरेन्द्र मोदी के ही पास है। बिंदल ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और कहा कि चार जून को चुनाव परिणाम आने के बाद छह जून को राहुल बाबा छुट्टी पर विदेश चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमेठी-रायबरेली सीट को अपने परिवार की बताते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इसकी वसीयत किसने करके दी है। उन्होंने कहा कि जनता अपना नेता तय करती है। उन्होंने राहुल के अमेठी की सीट छोड़कर रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी रायबरेली से भी हारने वाले हैं।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस के शासनकाल में 55 वर्षों में देश की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वे पूछना चाहते हैं कि कोरोना काल और आपदा में राहुल गांधी, उनकी मां और बहन हिमाचल आई थीं क्या। उन्होंने कहा कि चार जून को चुनाव परिणाम आने के बाद छह जून को राहुल गांधी छुट्टी पर विदेश चले जाएंगे। इस बार चुनाव एक गरीब परिवार के चाय बेचने वाले नरेन्द्र मोदी और मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाले राहुल गांधी के बीच है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्ष तक राम मंदिर निर्माण लटकाए रखा और राम मंदिर का निर्माण पीएम मोदी की सुदृढ़ इच्छा शक्ति की वजह से बना। महिला सशक्तीकरण को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नरेन्द्र मोदी ने दिया है।
