Spread the love

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार ने वीमेन डेवलपमेंट से आगे बढ़ते हुए भारत में “वूमेन लेड डेवलपमेंट” का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। पहले वूमेन डेवलपमेंट की सिर्फ बातें होती थी, मोदी सरकार में हमने इसे करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि महामहिम द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाना और महिलाओं को देश की विधायिकाओं में 33 फीसदी आरक्षण देना इसके बेहतरीन उदाहरण हैं। 

अनुराग ठाकुर ने शनिवार को यह बात अपने हिमाचल प्रवास के दौरान सुजानपुर और भोरंज विधानसभा में आयोजित महिला मोर्चा व एससी मोर्चा सम्मेलनों में की। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी के साथ देश की मातृशक्ति, शक्ति बनकर खड़ी है। यह देश की मातृ शक्ति ही थी, जिसने एक गरीब मां के चाय बेचने वाले बेटे को देश बेचने वाली कांग्रेस के समक्ष लाकर खड़ा किया और जिताया। माताओं बहनों के आशीर्वाद से इन लोकसभा चुनावों में भी भाजपा 370 पार और एनडीए 400 पर जा रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा, “महिलाएं विकसित भारत के चार अमृत स्तंभों में एक जरूरी स्तंभ हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में 25 से भी अधिक योजनाओं की शुरुआत की है जिससे 20 करोड़ से भी ज्यादा महिलाओं, 5 करोड़ से ज्यादा छात्राओं और 11 करोड़ से ज्यादा कामकाजी महिलाओं को लाभ पहुंचा है।”

 अनुराग ठाकुर ने कहा, “आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री-जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) ने अब तक देश भर में 30 करोड़ आयुष्मान कार्ड बना है। इसमें से महिलाओं के लिए लगभग 14.6 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो 4 करोड़ घर दिये गए हैं, उसमे 70 फीसदी घर की मालकिन या संयुक्त मालकिन महिलाएं हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की एक करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया है, आगे तीन करोड़ को बनाएंगे। आज प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खोले गए बैंक खातों की संख्या 51 करोड़ के पार पहुंच गई है। इन खातों में जमा राशि 2.08 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इन खातों में से 56 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं और 67 प्रतिशत खाते ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं। यही नहीं, उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए 10 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शनों ने हमारी ग्रामीण माताओं बहनों को धुएं से आजादी दिलाई है। 12 करोड़ से अधिक शौचायलयों और 13 करोड़ से अधिक नल से जल कनेक्शनों ने हमारी माताओं बहनों को इज्जत प्रदान की है। अनुसूचित जाति और महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए 2016 मे शुरू की गई स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत स्वीकृत कुल 2.09 लाख ऋणों में से 84 प्रतिशत महिला उद्यमियों को स्वीकृत किए गए हैं। आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभाव से बेटे के जन्म लेने की तुलना में बेटियों की संख्या बढ़ रही है। आज पीएम मोदी ने बेटियों के लिए सेना के दरवाजें भी खोल दिए गए हैं। सैनिक स्कूल में अब हमारी बच्चियां भी पढ़ती हैं। आज महिला अधिकारियों के लिए परमानेंट कमीशन है जिससे सेना में विभिन्न शीर्ष पदों पर महिलाओं की तैनाती संभव है। स्टार्टअप इकोसिस्टम में, 18 फीसदी कंपनियों में कम से कम एक महिला फाउंडर या को-फाउंडर है। भारत में कम से कम 36 यूनिकॉर्न और संभावित यूनिकॉर्न में कम से कम एक महिला फाउंडर या को-फाउंडर है। देश में कामकाजी महिलाओं के लिए गर्भावस्था के दौरान मातृत्व अवकाश या मैटरनिटी लीव को हमने बढ़ाकर 26 सप्ताह का किया है।”

 अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के विकास के बारे में बोलते हुए कहा कि किसने सोचा था कि एक ही संसदीय क्षेत्र में एम्स भी होगा, पीजीआई भी होगा, दो-दो मेडिकल कॉलेज भी होंगे, केंद्रीय विद्यालय भी होंगे, केंद्रीय विश्वविद्यालय भी होगा, ट्रिपल आईटी भी होगा, एनआईटी भी होगा, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी होगा, हर जिले में फोरलेन हाईवे होगा, वंदे भारत ट्रेन होगी। यह सब सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 जून को जब रिजल्ट आएंगे तब देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। हिमाचल प्रदेश में फिर से डबल इंजन की सरकार दौड़ेगी।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *