Spread the love

शिमला। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शनिवार को सुन्नी क्षेत्र की ग्राम पंचायत चेबड़ी में 1.84 करोड़ की अनुमानित लागत से खेरा-पीपलूघाट संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से इस क्षेत्र की पांच पंचायतें करयाली, डुमेहर, मझीवड़, हिमरी, चेबडी और अन्य क्षेत्रों की सुन्नी के लिए लगभग 20 किमी. की दूरी कम होगी। उन्होंने बताया कि यह दूरी कम होने से लोगों को अपने उत्पाद मंडियों तक ले जाने तथा आवागमन में सुविधा मिलेगी।

भारद्वाज ने नागरिक अस्पताल सुन्नी में पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया तथा स्वच्छ पर्यावरण का संदेश स्थानीय लोगों को दिया और अस्पताल में मरीजों का कुशल क्षेम जाना तथा मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने सुन्नी अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कोविड काल के दौरान अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए भंडारे के तहत भोजन व्यवस्था उपलब्ध करवाने का भी आज समापन किया। बता दें कि पिछले दो-तीन महीनों के दौरान यहां प्रतिदिन लगभग 200 से 250 मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती थी।शहरी विकास मंत्री ने ग्राम पंचायत रियोग के कांगरी गांव में जिला ओबीसी मोर्चा द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पौधरोपण किया। उन्होंने बताया कि इस पौधारोपण कार्यक्रम के तहत सजावटी, पत्तीदार, फलदार तथा चारायुक्त लगभग 2500 पौधों को रोपित किया गया। उन्होंने चेबड़ी ग्राम पंचायत में कॉपरेटिव बैंक की शाखा तथा राजकीय वरिष्ठ पाठशाला खैरा में विज्ञान भवन शीघ्र ही बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्राम पंचायत चेबड़ी में दुर्गा एवं लक्ष्मी महिला मंडल तथा कांगरी में महिला मण्डल कांगरी को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

सुरेश भारद्वाज ने वर्तमान प्रदेश सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने बताया कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आमजन को सुविधा प्रदान करने के लिए टुटू में विकास खंड भवन स्थापित किया है तथा सुन्नी क्षेत्र में खंड चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय आरम्भ करने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रियोग में शीघ्र ही वाणिज्य विषय की कक्षाएं आरम्भ की जाएगी तथा ग्रामीण लोगों को बसों की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।  
इस अवसर पर कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मेहता, शिमला ग्रामीण मण्डलाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्म प्रकाश, पूर्व प्रत्याशी डाॅ. प्रमोद शर्मा, योजना आयोग की राज्य सदस्य वीना ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी ग्रामीण मनोज कुमार तथा अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुधीर गुप्ता उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *