शिमला। सियासी संकट से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा नोटों के दम पर सत्ता हथियाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के साफ हो गया है कि इस मामले में भाजपा ने नोटों का दम दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शिमला में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि जिन तीन विधायकों ने आज विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दिया, वह सभी निर्दलीय हैं और उनका मुख्यमंत्री से कोई सीधा संबंध नहीं हैं। ऐसे में उनके त्यागपत्र से कई सवाल पैदा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इन विधायकों ने त्यागपत्र क्यों दिया, यह जांच का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विधायकों को हजारों लोगों ने अपना मत देकर चुना है और उन्हें जनता की भावना के अनुरूप कार्य करना चाहिए था। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायक हेलीकॉप्टर से सीआरपीएफ के मजबूत सुरक्षा घेरे में शिमला आए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इन विधायकों पर किया जा रहा धन-बल का प्रयोग ठीक नहीं है और ये जनता की भावना से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है और कांग्रेस इसे सहन नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन विधायकों ने कुछ गलत किया है, इसलिए इन्होंने इस्तीफा दिया। ऐसा नहीं है तो फिर भाजपा के विधायक क्यों त्यागपत्र नहीं दे रहे हैं।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में हर हथकंडा अपना रही है। इसी कड़ी में भाजपा की केंद्र सरकार ने कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने की आयकर विभाग की कार्रवाई सही नहीं है, क्योंकि इन बैंक खातों में मौजूद धन कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चंदे के रूप में पार्टी को दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं ताकि कांग्रेस के लोग चुनाव न लड़ सकें। उन्होंने केंद्र सरकार के इशारे पर हुई इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करार दिया और कहा कि कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पर इस तरह के हथकंडों से दबाव नहीं डाला जा सकता और पार्टी इसका पुरजोर करती है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी को मिले चंदे का टैक्स देती है और हर वर्ष आयकर रिटर्न दाखिल करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में हिमाचल में लोकसभा चुनावों में मुद्दे अलग होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता बहुत जागरूक है और उसे मालूम है कि एक चुनी हुई सरकार को गिराना गलत है। इसलिए जनता आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट डालेगी।
केजरीवाल की गिरफ्तारी को बताया गलत
सुक्खू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को गलत करार दिया और कहा कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री को सलाखों के पीछे भेजना मुख्यमंत्री पद का अपमान है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई की गई है। वहीं, एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी हाईकमान के साथ हुई बैठक में ही चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उनकी कुछ पारिवारिक समस्याएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिभा सिंह सीधी और स्पष्ट बात करने वाली नेता हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से जल्द ही पार्टी उम्मीदवार की घोषणा होगी और यह उम्मीदवार महिला, युवा अथवा उम्रदराज नेता हो सकता है।
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करना बहुत गंभीर मामला है। इससे कांग्रेस को बहुत सी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यह सब इसलिए किया ताकि कांग्रेस लोकसभा चुनाव न लड़ सके।
