शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटों पर मतदान अंति चरण में पहली जून को होगा। यही नहीं, उसी दिन विधानसभा की छह सीटाें पर उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। चुनाव परिणाम 4 जून को आएंगे। राज्य में चुनावों को लेकर अधिसूचना 7 मई को जारी होगी तथा 14 मई तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की छंटनी 15 मई व नाम वापिस लेने की अंतिम तारीख 17 मई है। चुनाव प्रक्रिया 6 जून को पूरी होगी।
चुनावी कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राज्य में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में अब वित्तीय मंजूरी देने की घोषणा नहीं होगी, उद्घाटन व शिलान्यास नहीं हो पाएंगे, सार्वजनिक उपक्रमों में कोई भी नियुक्ति नहीं दी जा सकेगी। साथ ही सरकारी मशीनरी का प्रयोग नहीं कर पाएंगे।
हिमाचल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग ने शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रदेश में 56,38,422 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे, जिसमें 65,682 सेवा अर्हता मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 28,79,200 पुरूष तथा 27,59,187 महिला मतदाता हैं। इनमें से 56,320 पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग), जो कुल मतदाताओं का 1 फीसदी तथा 60,995 मतदाता 85 आयु वर्ग के ऊपर के हैं। 85 आयु वर्ग से ऊपर के तथा 40 फीसदी से अधिक वाले दिव्यांग अपने घर से ही मतदान कर सकेंगे। लेकिन इसके लिए उन्हें 12डी फार्म पर तय समय सीमा केअंदर एआरओ के समक्ष आवेदन करना होगा। इसके अलावा 35 तृतीय लिंग मतदाता हैं। चुनावों के लिए राज्य में 7,990 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें से 425 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं।
मनीष गर्ग ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनावों में मतदान केंद्रों की संख्या 7723 थी। हर मतदान केंद्र में चार पोलिंग कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रति मतदान केंद्र में अतिरिक्त पोलिंग अधिकारी तैनात किया जाएगा। मतदान कर्मचारी जहां पर कार्यरत है, जहां पर निवास करता है या फिर उसके गृह विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम तथा वीवी पैट से मतदान किया जाएगा।
हिमाचल में 1,38,918 युवा पहली बार डालेंगे वोट
हिमाचल प्रदेश में 1,38,918 युवा पहली बार मतदान करेंगे। यह युवा 18 से 19 वर्ष के आयुवर्ग के हैं। इनमें 75,001 पुरूष तथा 63,916 महिला मतदाता है। साथ ही 1 मतदाता तृतीय लिंग के हैं, जो कुल मतदाता का 2.50 फीसदी हैं। इसके अलावा 20 से 29 आयुवर्ग के 10,40,756 मतदाता हैं। नामांकन के 10 दिन पहले तक वोट बनाने का कार्य जारी रहेगा।
हिमाचल में लोकसभा और विधानयभा के और निर्वाचन कार्यक्रम
अधिसूचना जारी करने की तारीख 7 मई
नाम दाखिल करने की अंतिम तारीख 14 मई
नामांकन पत्रों की छंटनी 15 मई
नाम वापिस लेने की अंतिम तारीख 17 मई
मतदान की तारीख 1 जून
मतणना की तारीख 4 जून
चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति 6 जून
