हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के हिमाचल प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं ने 5वीं बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनने पर उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया। वीरवार को अपने दिन की शुरूआत अनुराग ठाकुर ने देहरा विधानसभा और सुजानपुर विधानसभा में नशा मुक्ति अभियान के लिए आयोजित बाइक रैली कर युवाओं को 1000 हेलमेट बांटे।
इसके पश्चात उन्होंने धर्मपुर विधानसभा में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान के तहत 6 जन सभाओं को संबोधित किया। इस दैरान अनुराग ठाकुर ने संधोल, कोथवान, धलारा, झंगी, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, मढ़ी और कमलाह में लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने वीरभूमि के पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी मंज़ूरी, के रूप में अब भोरंज एवं गगरेट में ईयीएचएस पॉलीक्लिनिक व प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत 3667 नये घरों की मंज़ूरी की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह का आभार प्रकट किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में भारतीय सेना से जुड़े एक अहम निर्णय की जानकारी देते हुए बताया की अब जल्द हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भोरंज और गगरेट विधानसभा में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खुलेगा। उन्होंने बताया, “पॉलीक्लिनिक की पूर्व सैनिकों की पुरानी मांग थी। हमने हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने इसकी मांग रखी थी, जिसे आज मोदी सरकार ने पूरा किया है। इस निर्णय को पूर्व सैनिकों को बहुत ही लाभ मिलेगा। मैं इस मंज़ूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार प्रकट करता हूँ”।
अनुराग ठाकुर ने कहा “मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में सेना के लिए जो कार्य हुए हैं, वह पिछले 60 वर्षों में भी नहीं हुए होंगे। हमने सेना की वर्षों पुरानी मांग, वन रैंक वन पेंशन को लागू किया। अभी तक एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसा हम हमारे बहादुर पूर्व सैनिकों को दे चुके हैं। पिछली सरकारों में हमारी सेना को बुलेट प्रूफ जैकेट और बंदूके तक नहीं नसीब होती थीं। मोदी सरकार ने उन्हें इन सभी के साथ-साथ राफेल जैसे लड़ाकू विमान और अन्य आधुनिक साजो सामान उपलब्ध कराए। जो भारत कभी विश्व में सबसे बड़े रक्षा आयातक के तौर पर जाना जाता था वह आज अपने ही देश में रक्षा क्षेत्र से जुड़े एक लाख करोड़ से ज्यादा के समान बना रहा है।”
अनुराग ठाकुर ने कहा “हाल ही में मैंने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से 16,206 हज़ार घर आवास योजना के अन्तर्गत व 2373 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 2700 किमी. की सड़कें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अन्तर्गत मंज़ूर करवाईं। मुझे आपको यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि मैंने 2 दिन पूर्व अतिरिक्त 3500 घर और मांगे थे। आज 3667 घरों की मंज़ूरी उन्होंने मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए दे दी है जिसके लिये मैं पीएम मोदी का और गिरिराज सिंह का आभार प्रकट करता हूँ”।
नशे की बजाय राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा लगाएं युवा: अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने कहा “देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है, मगर ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ युवा साथी नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य तो ख़राब कर ही रहे हैं, देश के विकास में भी अपना कोई योगदान नहीं दे पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने का अह्वान किया है ताकि वो विकसित भारत निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आज मैंने नशा मुक्त, सुरक्षा युक्त कैम्पेन की शुरुआत की है ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से जागरूक किया जा सके। जागरूकता अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता बाइक रैली देहरा व सुजानपुर विधानसभा में निकाली गई जिसमें स्थानीय युवा मौजूद रहे। 1000 हेलमेट का वितरण इस बाइक रैली में युवाओं को किया गया”।
