शिमला। भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि ज़ब से प्रधानमंत्री मोदी ने इस देश का नेतृत्व संभाला, देश निरंतर तरक्की कर आगे बढ़ रहा है। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक समान विकास नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ और वहीं हिमाचल प्रदेश भी इस से अछूता नहीं रहा है। उन्होंने किरतपुर-सुन्दरनगर फोरलेन को जनता को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त भी किया।
जम्वाल ने कहा कि समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अनेकों बड़े तोहफे दिए, जिसकी हम कभी कल्पना नहीं कर सकते थे। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस हिमाचल, पंजाब, हरियाणा तो दूर की बात है लेकिन दिल्ली से नजदीक आपको एक कहीं नजर नहीं आता था, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से हिमाचल जैसे छोटे से प्रांत में एम्स की स्थापना हुई है। उन्होंने अटल टनल का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां प्रदेश में एक हिस्सा जो 6 महीने तक देश और प्रदेश से कटा रहता था, आज अटल टनल के बन जाने से जहां लाहौल स्पीति के लोगों को सहूलियत हुई, वहीं पर्यटन को भी पंख लगेंगे व सामरिक दृष्टि से भी यह टनल का बहुत महत्वपूर्ण हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लगभग 20 किलोमीटर की सड़कें फोरलेन से गुजरेगी। सुंदरनगर में टनल से जहां इससे लोगों को लाभ हुआ है, वहीं हिमाचल प्रदेश नहीं, देश नहीं बल्कि विदेश से आने वाले सैलानियों को भी इसका लाभ होगा। क्योंकि मनाली के लिए देश में दुनिया का पर्यटक मनाली घूमने के लिए आता है और टनल देखने के लिए अवश्य जाता है। हिमाचल वासियों को कोई दुर्घटना हो जाती थी तब पीजीआइ चंडीगढ़ जाने के लिए जब कोई मंडी, कुल्लू, सुंदरनगर से व्यक्ति चलता था तो कितनी दिक्कतें आती थीं। लेकिन आज फोरलेन के निर्माण के पश्चात आज ऐसा दृश्य बना है जहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है व किसी संकटकाल में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा नेता ने अपने क्षेत्र के एक एनआरआई का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका से बहुत समय के पश्चात सुंदरनगर -चंडीगढ़ सड़क मार्ग के द्वारा आए। उन्होंने आकर कहा कि ऐसी सड़कें नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में भी बन सकती है, हम कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे। अमेरिका से भी अच्छी सड़कें आज हिमाचल प्रदेश में देखने को मिलती हैं।
