शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस देश में हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा है कि केंद्र की एनडीए सरकार देश की ज्वलंत समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रही है। देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी, दो ऐसी समस्याएं हैं, जिस पर केंद्र की मोदी सरकार कभी कोई बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि ध्रुवीकरण की राजनीति कर भाजपा द्वारा लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार किया जा रहा है। वहीं, जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को डराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रतिभा सिंह वीरवार को शिमला जिले के रामपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में मंडी संसदीय क्षेत्र के रामपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों गानवी, लबाना- सदाना, जगोरी, फ़ांचा, ज्यूरी, सराहन, शाहधार, सरपारा, कूट, किआओ, बोंडा, किन्नू के गानवी 15/20 के कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुहंतोड़ जवाब देना होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रामपुर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे वह हर हाल में पूरा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में है और यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं की वजह से ही संभव हुआ है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी सभी कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम का ही फल है जो आज हम प्रदेश में सत्ता में बैठकर लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहे हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को ओपीएस लागू कर उनसे किया वादा पूरा किया है।उन्होंने कहा कि जल्द ही महिलाओं से किया वादा भी पूरा किया जाएगा।
प्रदेश के भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि आपदा के समय भी इन सांसदों ने केंद्र सरकार के समक्ष किसी भी राहत का कोई भी प्रयास नहीं किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने इन भाजपा सांसदों को एक पत्र लिख कर आग्रह किया था कि प्रदेश में आई इस आपदा से निपटने के लिए हम सभी प्रधानमंत्री से मिल कर विशेष आर्थिक मदद की गुहार लगाएं, लेकिन दुख की बात है कि उन्होंने इसे पूरी तरह अनदेखा किया।उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश को किसी भी मदद का कोई भी प्रयास नहीं किया। उल्टे इस बारे प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से राहत कार्यों को अंजाम दिया। लोगों को त्वरित राहत देते हुए 4500 करोड़ रुपए का राहत पैकेज जारी कर राहत मैन्युल में विस्तार किया और आपदा राहत राशि में बढ़ोतरी की।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह आज से ही लोकसभा चुनावों के लिये मैदान में डट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत के लिये सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक नंद लाल, जिला शिमला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा, जिला परिषद शिमला की अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी व कांग्रेस पदाधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
