शिमला।शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 550 करोड़ रुपये खर्च कर शिमला शहर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वे रविवार को शिमला सब्जी मण्डी में 120 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 467 दुकानों, लोअर बाजार, राम बाजार तथा गंज बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद बोल रहे थे।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत कृष्णा नगर के 36 खंडों में भवनों का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश में दो शहरों को स्मार्ट सिटी के लिए चयनित किया गया था, जिसमें सबसे पहले धर्मशाला तथा दूसरे स्थान पर शिमला को रखा गया था। इस प्रोजेक्ट के तहत संजौली से आईजीएमसी तक स्मार्ट पाथ, आईजीएमसी की पार्किंग और विकास नगर वार्ड में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पांच मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस पर 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस भवन में पार्किंग, काॅमर्शियल काॅम्पलैक्स तथा सामुदायिक केन्द्र बनाया जाएगा।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं शहरी मंत्रालय की ओर से करवाए गए स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 में शिमला शहर ने 65वां स्थान प्राप्त किया है। इस कड़ी को हमें आगे बढ़ाना है और शहर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत और सुन्दर बनाना है। उनका कहना था कि इस प्रोजेक्ट के तहत शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना, वाटर एटीएम, शौचालय, ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात दिलाना, पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाना तथा वृद्ध लोगों के लिए डे-केयर सेंटर की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा घूमने के लिए पार्कों की सुविधा उपलब्ध करवाना, शहर में जहां वर्षा शालिकाओं की आवश्यकता होगी, वहां वर्षा शालिकाओं का निर्माण करना तथा बच्चों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के लिए पार्क बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संजौली, ढली और छोटा शिमला के चौराहों को चौड़ा करने का कार्य भी तेजी से किया जाएगा, जिससे शहर में रह रहे आमजन मानस को ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके।
भारद्वाज ने शिमला मण्डी आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ शिमला मण्डी में सामुहिक वार्ता करते हुए कहा कि यहां पर व्यवसाय कर रहे सभी व्यवसायियों की 25 दुकानों को फेस वन में तोड़कर उनके लिए स्टाॅल बनाए जाएंगे, जिससे उनको अपना व्यवसाय करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी प्रक्रिया को अपनाते हुए यह सुविधा सबको दी जाएगी। इस दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें आदेश दिए कि इस मण्डी में व्यवसाय कर रहे सभी कारोबारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी दुकानों का निर्माण कार्य तेजी से किया जाए।
इस अवसर पर शिमला नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, मनोनीत पार्षद दीपक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शिमला संजय कालिया, सचिव अजय सरण, सचिव मण्डी गंज बाजार अरूण, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक पंकज राय, हिमुडा की अधीक्षण अभियंता अंजौरी कपूर, अधिशाषी अभियंता संदीप सैनी तथा शिमला मण्डी होल सैलर प्रधान सतपाल शर्मा उपस्थित थे।
