धर्मशाला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुंता, भटियात, चंबा के छात्र- छात्राओं ने वीरवार को तपोवन में विधानसभा की कार्यवाही को देखा तथा अपने निर्वाचन क्षेत्र के नेता को सत्र संचालन करते देख अति प्रसन्न हुए। गौरतलब है कि ये सभी छात्र उस स्कूल के छात्र हैं जहां से हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा ग्रहण की है। सत्र आरम्भ होने से पूर्व इन छात्र-छात्राओं ने कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की तथा आज होने वाली कार्यवाही, संसदीय प्रणाली व विधान सभा की कार्यप्रणाली के बारे मे जानकारी हासिल की।
इस अवसर पर बच्चों से संवाद करते हुए पठानिया ने कहा कि आज समय पूरी तरह से बदल गया है। आज जहाँ युवा संसद, छात्र संसद तथा किसान संसद जैसे आयोजन विभिन्न राज्य विधान सभाओं में आयोजित किए जा रहे हैं वहीं आज के छात्र तथा युवा भी इसमें गहरी रुचि ले रहे हैं जो जोकि लोकतंत्र की मजबूती का मार्ग प्रशस्त करता है। पठानिया ने कहा कि आज सत्र का तीसरा दिन है और दर्शक दीर्घा हमेशा भरी रहती है जो आश्वस्त करता है कि लोगों में संसदीय प्रणाली के प्रति अगाध विश्वास है। पठानिया ने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतन्त्र है जिसका लोहा पूरा विश्व मानता है।
पठानिया ने कहा कि हमारे देश का संविधान सर्वोच्च है जो हमें जहाँ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करवाता है वहीं हमें हमारे कर्तव्यों के बारे भी सचेत करता है।
आज भटियात निर्वाचन क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सलोह तथा डरोह के छात्र- छात्राओं ने भी सदन की कार्यवाही को देखा तथा आई0टी0आई0 पालमपुर के छात्रों को भी कार्यवाही देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सभी विद्यार्थियों ने विधान सभा अध्यक्ष से मुलाकात कर संसदीय प्रणाली की जानकारी हासिल की। पठानिया ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
