धर्मशाला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि भारी बरसात की वजह से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 51 स्कूलों के भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 1057 स्कूलों के भवनों को आंशिक तौर पर नुकसान हुआ है। बरसात के चलते शिक्षण संस्थानों के भवनों को 69.27 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। रोहित ठाकुर मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सदस्य विनोद कुमार के प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
रोहित ठाकुर ने कहा कि विभाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्कूली भवनों के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर करवाएगा। इसके लिए वित्त विभाग से अतिरिक्त बजट की मांग की गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के अनुपूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि 1057 आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त स्कूली भवनों के निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग ऐसे स्कूलों का सर्वेक्षण भी करवाएगा, जिनके भवनों में बैठना बच्चों की जान को खतरा में डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर असुरक्षित भवनों के जीर्णोंद्धार का कार्य किया जाएगा।
वहीं, विनोद कुमार के अनुपूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र के कोट स्कूल में दोबारा से बच्चों की कक्षाएं लगाई जाएगी। बरसात की वजह से इस स्कूल के बच्चों को नौण स्कूल में पढ़ने के लिए भेजा गया था। इसी मुद्दे पर भाजपा के बलवीर वर्मा ने भी अनुपूरक सवाल पूछे।
