धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए 107 जगहों पर ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसमें 54 स्टेशन पेट्रोल पंपों पर और 54 स्टेशन 6 ग्रीन कॉरिडोर में लगाए जाएंगे। ये स्टेशन जिला प्रशासन शहरी विकास विभाग इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, एचपीटीडीसी और लोनिवि द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। आईओसी के 34, भारत पेट्रोलियम के 12 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 7 पंपों पर ई-चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को विधायक चैतन्य शर्मा के एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2022 को लागू कर दिया गया है और बिजली बोर्ड को इसका स्टेट नोडल एजेंसी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि स्टेकहोल्डर के साथ चर्चा के बाद 54 में से 45 जगहों पर टेंडर कॉल कर दिए गए हैं। ये टेंडर 28 दिसंबर को ओपन होंगे। उन्होंने कहा कि 6 ग्रीन कॉरिडोर में ये चार्जिंग स्टेशन लगने हैं। इनमें परवाणू-नालागढ़-ऊना- हमीरपुर-देहरा-अंब-मुबारकपुर-संसारपुर टैरेस, पांवटा-नाहन-सोलन-शिमला, परवाणू-सोलन-शिमला-रामपुर-रिकांगपिओ-ताबो-लोसर, शिमला-बिलासपुर-हमीरपुर-कांगड़ा-नुरपूर-बनीखेत-चंबा, मंडी-जोगिंद्रनगर-पालमपुर-धर्मशाला-कांगड़ा और किरतपुर-बिलासपुर-मंडी-कुल्लू-मनाली-केलांग-जिंग-जिंग-बार शामिल हैं।
अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में ई-चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए राज्य सरकार ने अलग से निगरानी कमेटी का गठन किया था। कमेटी प्रधान सचिव परिवहन की अध्यक्षता में गठित की गई थी। जिसमें आर्यभट्ट जियो इन्फोर्मेटिक्स एजेंसी का भी सहयोग लिया गया था और उनकी सिफारिश के आधार पर ग्रीन कॉरिडोर में चार्जिंग स्टेशन के लिए जगह चिन्हित की गई। अग्निहोत्री ने बताया कि भविष्य में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए उचित जगह की संभावनाओं का पता लगाया जाएगा और गगरेट में भी चार्जिंग स्टेशन खोलने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा।
