धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सभी पंचायतों तथा पटवारघरों के भवनों का चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाएगा, ताकि कामकाज निपटाने के लिए लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह जानकारी विधायक केवल सिंह पठानिया ने कजलोट पंचायत के काला पुल में 35 लाख से निर्मित होने वाले पटवार घर के भवन एवं 35 लाख से निर्मित होने वाले कजलोट पंचायत घर के भवन के शिलान्यास के समय दी। इस अवसर पर जिलाधीश डा. निपुण जिंदल भी उपस्थित थे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र को आदर्श विस क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ग्रामीण स्तर पर सड़क, स्वास्थ्य तथा शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र में पर्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं तथा पर्यटन को विकसित करने के लिए भी कार्य योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि शाहपुर के धार कंडी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से संवारा जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि बरनेट घेरा सड़क को जल्द ही बना कर जनता को समर्पित किया जाएगा इसके साथ ही चाँदमारी गाँव को भी सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। कजलोट में स्वास्थ्य विभाग के सब सेंटर भवन को भी शीघ्र बनाया जाएगा ताकि रोगियों को उपचार की बेहतर सुविधाएं मिल सकें इसके साथ ही कजलोट में महिला मंडल भवन निर्माण के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर एसडीएम धर्मश रामोत्रा, एक्सिएन लोकनिर्माण विभाग ठाकुर जगतार ठाकुर, खण्ड विकास अधिकारी कंवर सिंह, जलशक्ति विभाग के एसडीओ अजय राणा सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
