शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 15 अगस्त, 2023 को देशभर में ‘‘मेरी माटी-मेरा देश’’ अभियान का शुभारंभ हुआ। देश के अमृतकाल में माटी का वंदन अभियान सार्थक एवं नितांत आवश्यक प्रतीत होता है। मेरा यह मानना है कि यह अभियान मात्र अभियान नहीं है, जन जागरण है। भारत के इतिहास पर हम जब दृष्टिपात करते हैं तो इस धरती माता की रक्षा के लिए हर काल में लाखों-लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया। तब जाकर भारत माता आज एक हजार साल की गुलामी के बाद भी भारतीय संसकृति को समेटे हुए जीवित है। भारत वो देश है जहां बलिदानियों की पूजा हुई है। जहां इस धरती माता के लिए मर मिटने वालों के सदा-सदा मेले लगते हैं और इस धरती का उपभोग करने वालों को भारत का समाज कभी श्रद्धा की दृष्टि से नहीं देखता।
डॉ. बिंदल ने कहा कि महाराणा प्रताप आज इसलिए पूजनीय है क्योंकि उन्होंने गुलामी को स्वीकार नहीं किया और भारत माता की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर किया। गुरू गोविन्द सिंह जी महाराज इसलिए पूजनीय हैं कि उन्होंने धर्म की रक्षा हेतु विश्व का सबसे बड़ा बलिदान पिता का बलिदान, स्वयं का बलिदान, चारों पुत्रों का बलिदान दिया। सरदार भगत सिंह, राजगुरू, चंद्रशेखर आजाद, बटुकेश्वर दत्त, अशफाक उल्ला खां, स्वतंत्र वीर सावरकर, नेता जी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपतराय, रानी लक्ष्मीबाई, तांत्या टोपे, कृष्णदेव राय, छत्रसाल, रानी गाईडिल्यु, बिरसा मुंडा भगवान जैसे हजारों बलिदानियों के नाम लिए जा सकते हैं जिन्होंने इस माटी की सौगंध खाकर अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए देश की रक्षा की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमालय से लेकर कन्याकुमारी तक लाखों लोग महाकुंभ में श्रद्धापूर्वक उज्जैन/कुरूक्षेत्र/हरिद्वार/काशी में एकत्र हुआ करते थे और वहीं से विसर्जित होकर देश के कोने-कोने में राष्ट्रवाद भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाया करते थे। आज मेरी माटी-मेरा देश, माटी का वंदन रूपी एक महायज्ञ है। देश का प्रत्येक नागरिक इस महायज्ञ का हिस्सा बने, ऐसी देश की अपेक्षा है। इस अभियान के दौरान सभी गांवों में आजादी के सेनानायकों, सीमाओं पर देश की रक्षा करने वाले देशभक्त बलिदानियों के शिलाफलकम लगाए जा रहे हैं। इस प्रकार स्वतंत्रता सेनानियों, सेना के वीर जवानों की शहादत को प्रणाम करते हुए देशभक्ति का भाव जन-जन में जागृत करने का महायज्ञ देशभर में चल रहा है। आज हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के शोघी नामक स्थान पर घर-घर जाकर देशभक्ति की अलख जगाते हुए मिट्टी एकत्र करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। इसको लेकर प्रदेश भाजपा का प्रथम कार्यक्रम शिमला ग्रामीण में आयोजित हुआ।
