Spread the love
मंडी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरह के माफिया सक्रिय है। प्रदेश में अपराध का बोलबाला है। माफिया दिन दहाड़े गोलियां चला रहे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आख़िर उन्हें किन लोगों का संरक्षण प्राप्त है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले ऊना में खनन को लेकर वहां के स्थानीय नेता और वर्तमान में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री खूब शोर शराबा करते थे। आज ऊना में खनन माफिया गोलीबारी कर रहे हैं, खनन जोरों पर हैं, वह ख़ामोश क्यों हैं। वह खनन माफियाओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम पर है, दिन दहाड़े हत्याएं हो रही है। चम्बा में मनोहर की हत्या करके उसके शव को आठ टुकड़ों में काट दिया गया, जब वे शोक संवेदना प्रकट करने मृतक के घर जा रहे थे तो उन्हें तहसील की सीमा में नहीं घुसने दिया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में 45 से ज़्यादा हत्याएं, 100 से ज़्यादा रेप के‌ मामले सामने आ चुके हैं और पुलिस का मुखिया लंबी छुट्टी पर है। ऐसे में सरकार ने प्रदेश के लोगों को भगवान के भरोस छोड़ दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार स्कूल बंद करके ठेके खोल रही है। वहीं, जनहित के संस्थान बंद कर रही है। आम जन की शिकायतों के लिए चलाए जा रहे जनमंच को बंद कर दिया और आज प्रदेश के लोगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर विधानसभा के युवाओं के लिए 10-10 करोड़ के स्टार्टअप फंड बनाने की घोषणा की थी। वर्तमान के एक मंत्री उस समय इसका खूब प्रचार करते थे। आज सरकार बने सात महीने हो गये हैं, लेकिन एक बार भी इस स्टार्टअप फण्ड को बनाना तो दूर, उसके बारे में किसी नेता ने बात तक नहीं की। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग आने वाले चुनावों में कांग्रेस को उनके हर झूठ का जवाब देंगे।
अब खनन पर क्यों ख़ामोश हो गये हैं उपमुख्यमंत्री
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल के वर्तमान उप मुख्यमंत्री जब विपक्ष में थे तो हर दिन खनन पर शोर शराबा करते थे, लेकिन आज ख़ामोश हैं।उनके गृह जनपद में ही खनन माफिया गोलियां चला रहे हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आज प्रदेश भर में अवैध खनन चरम पर है, लेकिन उप मुख्यमंत्री कुछ बोल ही नहीं रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि प्रदेश में खनन माफ़ियाओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
कर्मचारी चयन आयोग के रिजल्ट निकाले सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग के जिन पोस्ट कोड किसी प्रकार की धांधली नहीं हुई है उसके परिणाम जल्दी से जल्दी निकाले जाएं और युवाओं को नियुक्तियां दी जाएं। जिन परीक्षाओं में धांधली हुई हुई है उसका भी जल्दी से जल्दी समाधान निकाला जाए और लोगों को नौकरियां दी जाएं। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके समय में भी पुलिस भर्ती के मामले में अनियमितता का मामला सामने आया था। उस समय सरकार ने मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की और पेपर लीक माफियाओं को जेल भेजा और तत्काल परीक्षा करवाकर निर्धारित समय के अन्दर परीक्षा परिणाम घोषित किए। अब कांग्रेस सरकार जाननूझकर परीक्षा परिणाम निकालने में देर कर रही है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *