शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार मुद्दों से भाग रही है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे स्पष्ट हैं और दीवारों पर लिखे हुए हैं, वह मुद्दे चुनाव में दी गई गारंटियां हैं। उन्होंने कहा कि आज वर्तमान सरकार के 8 महीने हो आए, पर प्रदेश की 22 लाख महिलाएं 1500 रुपए प्रति महीने का इंतजार कर रही है और सरकार इस मुद्दे पर कोई जवाब नहीं दे रही है।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि किसान, गोबर के ढेर लगा कर बैठा है, किसानों ने लाखों रुपए खर्च करके पशु खरीद लिए है, परंतु प्रदेश में दूध खरीदने के बारे में कोई पॉलिसी नहीं आई है। किसान, ऋण के पैसे का ब्याज भर रहा है, दूध 40 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। इस दूध के खरीद की गारंटी कांग्रेस नेताओ ने 100 रुपए प्रति लीटर की दी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों को एक लाख रोजगार, एक लाख नौकरियां पहले साल में मिलनी थी और हर साल एक लाख की गारंटी देते हुए 5 लाख नौकरियां देने की गारंटी चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी ने दी थी। उन्होंने कहा कि एक साल पूरा होने को आया है, एक भी व्यक्ति को नौकरी नहीं मिली है, बल्कि हजारों लोग नौकरी से निकाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई विभागों में तो आउटसोर्स कर्मचारियों को सैलरी तक नहीं मिल रही है। इसके अलावा 7 गारंटियां और हैं जो कांग्रेस पार्टी ने चुनावों में जनता को दी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सुक्खू सरकार से जानना चाहती है कि वह गारंटियां क्यों नहीं पूरा कर रहे और जनता को बरगला क्यों रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा कि जयराम ठाकुर सरकार द्वारा खोले गए 1000 संस्थान बंद किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को आज 8 महीने हो गए हैं, लेकिन आज तक इस बात का जवाब नहीं दिया कि ये संस्थान क्यों बंद किए गए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय चल रहे थे, डॉक्टर बैठा हुआ था, पर सस्थान बंद कर दिए। तहसीलें, उपतहसीलें, पटवार सर्कल, एसडीएम के दफ्तर, एक्सईएन, एसडीओ, जेई के दफ्तर सब चल रहे थे। इस सरकार ने सब बंद कर दिए। डॉ. बिंदल ने कहा कि आज तक प्रदेश की जनता यह पूछ रही है कि यह संस्थान बंद क्यों किए। यह कांग्रेस सरकार की 10 गारंटियों का हिस्सा नहीं था, जो गारंटी नहीं दी वह पूरी कर रहे हैं और जो गारंटी दी है उसको पूरा न करके अलग-अलग मुद्दों की तरफ ध्यान भटकाने में लगे हैं।
