शिमला। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के कार्यकर्ताओं को भोपाल से संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश के भी सभी बूथों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि इस कार्यक्रम को प्रदेशभर के 7781 बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा एलईडी स्क्रीन लगाकर सुना गया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और बूथ ही उनकी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से 10 लाख कार्यकर्ताओं को पूरे भारतवर्ष में संबोधित किया और इस मौके पर हमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एक मूल मंत्र दिया गया कि “बूथ जीता, चुनाव जीता”। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा तैयार है। इन चुनावों में भाजपा हिमाचल और पूरे देश भर में बड़ी जीत दर्ज करने के लिए अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का एकत्र होना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 में यही विपक्षी दल थे, लेकिन भाजपा की 303 सीटें आई थी और इन चुनावों में भाजपा 303 से भी अधिक लोकसभा सीटें जीतेगी।
जम्वाल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार की खुद की गारंटी तो है नहीं, तो दूसरों की क्या गारंटी लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के नेताओं को भाजपा पर टिप्पणी करने के बजाय सरकार चलाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार सत्ता में आई है, केवल वित्तीय कुप्रबंधन की बात कर रही है, लेकिन वित्तीय स्थिति को ठीक करने के लिए उन्होंने एक भी कदम नहीं लिया है। अगर गौर से देखें तो 31 मार्च के बाद प्रदेशभर में कोई भी विकासात्मक टेंडर नहीं हुए हैं। केवल मात्र पिक और चूज का कार्यक्रम चल रहा है। सरकार को ऐसे कामों से एहतियात बरतनी चाहिए।
आज शिमला में गंज बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, कुसुम सदरेट, सीमा ठाकुर, विजय परमार, सत्या कौंडल, संजीव कटवाल, भारती सूद, कर्ण नंदा, राजेश शारदा, गगन लखनपाल, सुशील चौहान, विजय शर्मा, गौरव, कल्पना, राजू, अजय, अनिता, तरुण उपस्थित रहे।
