शिमला। कांग्रेस ने देश में 21 महीने तक आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया था। यह बात हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपातकाल काला दिवस पर कसुम्पटी मण्डल भाजपा द्वारा आयोजित कसुम्पटी वार्ड 27 के कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कही। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादाओं को केवल अपने स्वार्थ के लिए स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने तोड़ने का काम किया और न्यायालय का फैसला अपने विरोध आता देखकर आपातकाल लगा दिया और लोकतंत्र की आवाज को दबा दिया, कोई व्यक्ति सरकार के विरुद्ध आवाज नहीं उठा सकता था। उन्होंने कहा कि मीडिया पर पाबंदी लगी, तानाशाही का शासन हुआ और सैकड़ों हजारों लोगों को यातनायें दी गई, केवल सत्ता के लिए आपातकाल को थोपा गया। उन्होंने कहा कि आज भी आपातकाल के जख्म हरे हैं। आज भी जिन लोगों ने आपातकाल की यात्राएं सही है उनकी रूह कांपती है। विभिन्न प्रकार से यातनाएं दी गई। उन्होंने कहा कि एक आजादी की लड़ाई अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ी गई और दूसरी लड़ाई अपनी ही सरकार के विरुद्ध लोगों को लड़नी पड़ी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 25 जून 1975 को आपातकाल लगाया गया। जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से सरकार की नींव हिली और यह आपतकाल लंबा चलाने का प्रयास हुआ, लेकिन लोकतंत्र में जनता की आवाज के आगे सरकार को झुकना पड़ा और 21 महीने के बाद आपातकाल हटा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेताओं को आपातकाल पर जवाब देना चाहिए जो अपातकाल को सही ठहराते हैं, उनका भारत जैसे लोकतंत्र में आपातकाल को सही करार नहीं दिया जा सकता। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जिन लोगों ने आपातकाल के दौरान जेल काटी लड़ाई लड़ी, उनके सम्मान में लोकतंत्र प्रहरी सम्मान योजना शुरू की गई। इसके तहत लोकतंत्र के इन प्रहरियों को सम्मानजनक राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आते ही इसे बंद किया है और राज्यपाल के पास अध्यादेश पड़ा है। उन्होंने कहा कि बदले की भावना से काम किया जा रहा है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, ज़िला भाजपा अध्यक्ष विजय परमार, ज़िला महामंत्री अंजना, कसुम्पटी मंडल के अध्यक्ष जतिन्द्र भोटका, शिमला के अध्यक्ष राजेश शारदा, पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, पार्षद रचना शर्मा, कुसुम ठाकुर, कमलेश मेहता, आशा देवी, निशा ठाकुर, प्रतिभा बाली, संजना चौहान, कल्पना शर्मा, केशवानन्द झीना, जयराम गोल्डी, सुदर्शन आज़ाद, राजेश सैनी, पारस जैन, बीपी शर्मा, गौरव शर्मा सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोदी ने विश्व में बढ़ाया भारत का मान
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही की अमेरिका यात्रा के दौरान जिस प्रकार से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मान सम्मान मिला है, वह अपने आप में गौरवान्वित करता है। उन्होंने कहा कि देश का सम्मान बढ़ाने के लिए मोदी बधाई के पात्र हैं।
