चंबा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि जो हादसा चंबा जिले में हुआ है उससे हम सभी के दिल को गहरी ठेस पहुंची है। वे सब केवल मनोहर को न्याय दिलाने के लिए एकत्र हो रहे हैं। वे शुक्रवार को डलहौजी में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि उन्होंने प्रशासन से बहुत गुहार लगाई और तकरीबन 4 बार उनसे मिले। एक घंटा इंतजार किया, लेकिन उन्हें पीड़ित परिवार के पास जाने की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी। उन्होंने कहा कि इसलिए भाजपा ने तय किया है कि 17 जून को प्रदेश के सभी 12 जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से राज्यपाल को इस जघन्य हत्याकांड को लेकर एक ज्ञापन भी भेजा जाएगा। उन्होंने कहा हिमाचल में हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं कि एक अकेला युवक जिसके माता-पिता हैं, बहनों की शादी हो गई है उसकी जघन्य हत्या की गई और शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर नाले में डाल दिए गए। इस प्रकार के अपराध को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, जहां गांव-गांव में, खंड-खंड में देवी देवता का वास है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में इस प्रकार का हत्याकांड जिसने हमारी आत्मा को झकझोर कर रख दिया है इससे पूरा देश और प्रदेश स्तब्ध है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिस प्रकार से अपराधी ने यह अपराध किया है, वे कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यह घटना साधारण नहीं है और जिस व्यक्ति ने अपराध किया है वह भी साधारण नहीं हो सकता। अगर देखा जाए तो यह एक हैबिचुअल क्रिमिनल का काम है। हमारा हिमाचल एक शांतिप्रिय प्रदेश है, पर इस घटना के पीछे क्या पक रहा है वह जनता जानना चाहती है? उन्होंने कहा कि जब से यह हत्या हुई है तब से सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। स्थानीय लोगों ने जिस प्रकार से धरना प्रदर्शन किए हैं उसके दबाव में आकर सरकार ने अपराधी को हिरासत में लिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बहुत सारे स्थानीय लोग इस अपराधी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता एक प्रश्न पूछ रही है कि क्या यहां पर कोई अतीक अहमद जैसा सरगना काम तो नहीं कर रहा? क्या इस पूरे मामले की बहुत बड़ी और गहरी जांच की जरूरत है?
उन्होंने कहा कि सरकार को सभी तथ्यों की गहरी जांच करनी चाहिए ताकि इस प्रकार का कोई कुकृत्य हिमाचल की धरती पर हो ना सके। उन्होंने इस सारे मामले की एनआईए से जांच सी मांग की।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक हंसराज, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, डीएस ठाकुर, विक्रम जरियाल, पवन नैय्यर, राजेश ठाकुर, जिया लाल, रीता धीमान, राजेश ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, अमित ठाकुर, नागपाल आदि उपस्थित रहे।
