कुल्लू। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने छल कपट से सत्ता पाने का काम किया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में राजनीति की संस्कृति को बदल दिया है। आज पूरे भारत में वंशवाद से विकासवाद की राजनीति हो रही है। वे बुधवार को मंडी संसदीय हलके की भाजपा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में प्रजातंत्र को मजबूती देने का काम किया है। आज वोट बैंक की पॉलिटिक्स को पीछे छोड़कर रिपोर्ट कार्ड की पॉलिटिक्स अगर कोई देश में लाया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर भाइयों से भाइयों का लड़ाने का काम किया है तो वह कांग्रेस पार्टी ने किया है। जातियों को लड़ाकर फूट की राजनीति कर सत्ता पाने का काम कांग्रेस पार्टी ने पूरे भारत में किया है और अगर सत्ता के लिए देश के साथ भी समझौता करना पड़ जाए तो कांग्रेस पार्टी के नेता पीछे नहीं रहेंगे।
नड्डा ने कहा कि किस प्रकार से पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान में ओबीसी आरक्षण को लेकर हिंदुओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के वाक्य को लेकर कार्य किया है। 2014 से पहले कि अगर हम बात करें तो भारत भ्रष्टाचार युक्त था, फैसले ना लेने वाला था और विकास को लटकाने वाला था, तब कांग्रेस के डिफेंस मिनिस्टर कहते थे कि बॉर्डर पर सड़क की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि घुसपैठिए घुसपैठ कर लेंगे। पर 2014 के बाद केंद्र में मोदी सरकार के चलते आज भारत दमदार है, मजबूत है, निर्णय लेने वाला है और आगे बढ़ने वाला है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के युवराज भारत विरोधियों संगठनों से चुपके चुपके गले मिल रहे हैं। वे पूछना चाहते हैं कि चीन के दूतावासों से उनको मिलने की क्या जरूरत आन पड़ी? राजीव गांधी फाउंडेशन को चाइना से फंड क्यों दिया गया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आज भारत जोड़ो यात्रा चला रहे हैं, पर भारत तोड़ने वालों से गले मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश आत्मनिर्भर बन रहा है आज भारत के डिफेंस प्रोडक्शन 1 लाख करोड़ से अधिक है। पहले 52 फीसदी प्रतिशत मोबाइल बाहर से आया करते थे, पर आज 97 फीसदी मोबाइल भारत में बन रहे हैं। 13525 किलोमीटर ऑल वेदर बॉर्डर सड़कों का निर्माण हुआ है, आईएएस विक्रांता भी भारत में बनकर तैयार हुई है। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के इलाज के लिए एक विधायक मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखा करता था, तब पैसा मिलता था और आज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को 5 लाख का स्वास्थ्य कवर केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है, हिम केयर योजना चलाने के लिए वह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी बधाई देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है और हिमाचल प्रदेश में 28 लाख 60000 लोगों को मुफ्त राशन केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
नड्डा ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। एम्स और 3 मेडिकल कॉलेज की केवल घोषणा नहीं की, 5 साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स का उद्घाटन करके जनता को भी सौंप दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को फोरलेन डबल लेन अटल टनल जैसी सौगातें दी। दो हजार करोड़ का बल्क ड्रग पार्क दिया, मेडिकल डिवाइस पार्क और अनेकों हाइड्रो प्रोजेक्ट दिए।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपनी गारंटी तो है नहीं और जनता को 10 गारंटी देने की बात करती है। आज कई जगह ट्वीट हुए हैं कि हिमाचल प्रदेश के 15000 लोगों को सैलरी नहीं मिली है। जब सत्ता में आए थे तो संस्थानों पर ताला लगाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता कांग्रेस पार्टी पर ही ताला लगा देगी। उन्होंने कहा कि आपको याद होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजयदशमी के दिन कुल्लू रघुनाथ जी को नमन करने आए थे और तब उन्होंने बिजली महादेव को भी याद किया था। उन्होंने देवभूमि की देवतुल्य जनता से निवेदन किया कि जो लोग देव कार्य में लगे हैं उन्हीं का साथ दें।
इस जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठनमंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, राम लाल मार्कण्डेय, राकेश जमवाल, महेश्वर सिंह, सुरिंदर शौरी, लोकिंदर कुमार, भीम सेन और नरोत्तम उपस्थित रहे।
