Spread the love

कुल्लू। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भितरघात करने वालों से सचेत रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जो नेता या कार्यकर्ता संगठन को कमजोर करने या उसके आदेशों की अवहेलना करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और उससे ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी भी ओहदे पर क्यों न हो। उन्होंने कहा कि संगठन की वजह से ही नेताओं ओहदा मिलता है।

कुल्लू जिला के मौहल में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है। यदि अगर कोई यह सोचता है कि वह स्वयं इतना लोकप्रिय व सक्षम है कि वह स्वयं के बल पर ही चुनाव जीत सकता है तो उसे यह भ्रम समय रहते छोड़ देना चाहिए। लोकतंत्र में जनता जनार्दन ही सर्वोपरि है जो हम सबको चुन कर सत्ता में बैठाती है।

प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने मनोबल में किसी भी प्रकार की कमी न लाने का आग्रह करते हुए कहा कि संगठन उनके साथ तनमन से खड़ा है। उन्होंने कहा कि उप चुनावों में उनकी जीत और उसके बाद प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत का एक बड़ा संदेश देशभर में गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जीत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं और इन चुनावों में उन्हें पूरी एकजुटता के साथ पूर्व की भांति लोगों के बीच उतरना होगा। उन्होंने कहा कि देश मे बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी दो ऐसे मुद्दे हैं जिसके खिलाफ लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों की वजह से देश के यह हालात हुए हैं। इसलिए केंद्र की सत्ता से भाजपा को बाहर करना ही होगा, तभी देश को इन जटिल समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।

नवगठित जिला कुल्लू कांग्रेस कार्यकारिणी को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने सभी पदाधिकारियों को अपना दायित्व पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करने को कहा है। उन्होंने कहा जिसे जो भी जिम्मेदारी मिली है, उन्हें उस पर खरा उतरना होगा, तभी संगठन मजबूत बनता है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद ने सभी पदाधिकारियों का परिचय करवाते हुए कहा कि कार्यकारिणी में उन लोगों को शामिल किया गया है जो पार्टी की बैठकों व पार्टी के कार्यों‌ को समय दे सके।

इस दौरान पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, प्रेम लता ठाकुर, मनु शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, चंद्र बलभ नेगी, घनश्याम शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, पीके गांगुली, टीसी महंत सहित जिला कार्यकारिणी के सभी नव नियुक्त पदाधिकारी मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *