धर्मशाला। देश में अब इलाज के लिए लोगों को पूर्व की तरह जमीन और जमीर नहीं बेचना पड़ रहा है। वर्तमान समय में हर 15 दिन में नॉर्थ ईस्ट राज्यों में एक केंद्रीय मंत्री जाता है। यह बात वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य डा. अनिल जैन ने वीरवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कही।
जैन ने कहा कि पीएम मोदी की अध्यक्षता में देश का हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है। वर्ष 2014 के बाद अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के नेता के रूप में जाना जा रहा है। डॉ अनिल ने कहा कि एनडीए की केंद्र सरकार ने नौ वर्ष के कार्यकाल के आगाज ही गरीबों के कल्याण से किया था। इसमें पीएम ने जनधन योजना के तहत पारदर्शिता से 28 करोड़ खाते खोले गए। पहले केंद्र से आने वाली राशि में 2 लाख करोड़ बिचैलिए खा जाते थे, लेकिन अब जो लाभार्थी को केंद्र से भेजा जाता है, पूरा का पूरा मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अभियान विश्व में पहचाना जाता है। देश में 12 करोड़ परिवारों के टॉयलट बनाए गए, सोशल सिक्योरिटी में 12 रुपये बीमा में 18 करोड़ लोग जुड़े हैं। स्वास्थ्य में आयुष्मान भारत में 10 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ लोगों को पांच लाख का मुफ्त ईलाज, जन आरोग्य योजना में तीन हजार केंद्र खुले सहित कई योजनाओं से गरीब कल्याण पर काम हुआ है। मौजूदा समय में भारत की अर्थव्यवस्था को स्टेबल रखकर आगे बढ़ाने का कार्य मोदी सरकार ने किया है। कोविड काल में जब दुनिया के हेल्थ सेक्टर के टॉप देश धराशायी हो गए, तब भारत ने सीमित संसाधनों के बावजूद कोविड से लड़ाई लड़ी।
हिमाचल में भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान की शुरूआत धर्मशाला से की गई। अभियान के शुभारंभ अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, कांगड़ा-चंबा से सांसद किशन कपूर, विधायक पवन काजल, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी व प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अनिल जैन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि एनडीए सरकार के कार्यों को लेकर संपर्क से समर्थन का आगाज देश भर सहित प्रदेश में धर्मशाला से हुआ है। गौरतलब है कि केंद्र की मोदी सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर देश भर में भाजपा द्वारा संपर्क से समर्थन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता लोकसभा अनुसार प्रवास करेंगे और महत्वपूर्ण नागरिकों के साथ मुलाकात करेंगे। ऐसे हिमाचल प्रदेश में 4 संसदीय क्षेत्र है जिसके अंतर्गत प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में भाजपा नेता 250 लोगों से भेंट करेंगे जो कि पूरे हिमाचल प्रदेश में कुल 1000 होंगे। यह वरिष्ठ नागरिक ऐसे होंगे जो सामाजिक क्षेत्र के आइकॉन होंगे, जिन्होंने किसी भी प्रकार से समाज के उत्थान कार्य या अन्य किसी भूमिका में अग्रिम भूमिका निभाई है।
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है और भाजपा के इतिहास में पहली बार होगा, जब सरकार दस वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने जा रही है। वीरवार को भाजपा के संपर्क से समर्थन प्रदेश स्तरीय अभियान की धर्मशाला से शुरूआत पर पत्रकार वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत जहां विकास के मामले में अग्रसर है, वहीं देश का विश्व भर में मान-सम्मान भी बढ़ा है। पीएम नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं। जयराम ने कहा कि एक माह तक जनसंपर्क का कार्यक्रम भाजपा की ओर से चलाया गया है। पूर्व सीएम ने कहा कि पूर्व के पांच वर्ष में भी भाजपा सरकार ने कई कार्य केंद्र की मदद से किये। जिसमें अटल टनल, ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में 69 हजार करोड़ व मंडी में 28 हजार करोड़, हिमाचल को एम्स की सौगात मिली, शिमला-धर्मशाला रोपवे, मेडिकल डिवाइस पार्क, बल्ग ड्रग फार्मा, वंदे भारत ट्रेन हिमाचल के ऊना में चैथी चली, चम्बा में तीन हजार करोड़ के पीएमजीएसवाई की सौगात, पहाड़ी राज्य में कनेक्टिविटी में बड़े सुधार शामिल हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट पर नौ फ्लाइट, एयरपोर्ट विस्तारीकरण पर काम हुआ है, मंडी में एयरपोर्ट का कार्य, फोरलेन हिमाचल में मिला साथ ही पीएम मोदी लगातार हिमाचल पहुंचे है। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इंटरनेशनल पर्यटन डेस्टिनेशन में फोरलेन अहम भूमिका निभाएगा। नौ हजार करोड़ के उदघाटन के लिए पीएम को निमंत्रण भेजा है। मटौर-शिमला, पठानकोट-मंडी, परमाणु-सोलन सहित कई कामों के कार्य तेज गति से चल रहे हैं।
प्रदेश भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान की लांचिंग पर धर्मशाला पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता डा. अनिल जैन ने महिला पहलवानों के मामले में पूछे गए सवाल पर कहा कि पहलवान किस ग्रुप से हैं। पत्रकार व पब्लिक के बीच में किसी बात को फैलाना आसान है। उनके पास कोई उचित सबूत नहीं है। उस मामले को सही से उठाते तो तथ्य सामने रखने चाहिए, जिससे ही न्याय मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि यह विषय यौन उत्पीड़न का है ही नहीं। उन्होंने इसे पहलवानों का अन्य ही मामला करार दिया। राहुल गांधी पर पूछे सवाल पर डा. जैन ने कहा कि राहुल गांधी खुद बेल पर हैं। ऐसा व्यक्ति कई बार माफी मांग चुका है, देश को लेकर विश्व भर में गलत बयानबाजी की है, राहुल आरोप लगाते हैं और भाग जाते हैं।
हार के कारणों का किया विवेचन
भाजपा की हिमाचल व अन्य हार को लेकर डॉ. अनिल जैन ने कहा कि हार के कारणों का विवेचन किया गया है। चुनाव में हार जीत के राज्य में अलग समीकरण होता है, वोट प्रतिशत भाजपा का कर्नाटक में नहीं घटा है। प्रधानमंत्री राहत कोष में कोविड के समय में जितना पैसा आया है, उसे संसद के पटल में तीन बार रखा गया है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों का हिसाब जनता को देने के लिए ही संपर्क से समर्थन अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते ही जनता के पास जा रहे हैं।
