Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा मनुष्य को स्वस्थ रखने के लिए पेड़ पौधों का होना अत्यंत आवश्यक है। वे रविवार को परोला, फागु में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बोल रहे थे। सुरेश भारद्वाज ने बताया कि पूरे विश्व में विकास को गति देने के लिए पर्यावरण पर ध्यान नहीं दिया गया, उसी दृष्टि से हिमाचल प्रदेश में भी विकास के साथ-साथ पेड़ों की आयु खत्म होने से आज पेड़ पौधों की कमी महसूस की जा रही है। जिसकी भरपाई करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे भी वन महोत्सव में पौधारोपण के लिए स्वेच्छा से आगे आएं और रोपित किए गए पौधे का संरक्षण व संवर्धन भी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि भूमि की मजबूती रखने के लिए तथा आमजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पेड़ पौधों का होना बेहद जरूरी है।
शहरी विकास मंत्री ने बताया कि हमारी संस्कृति में पेड़ पौधों की पूजा की जाती हैं इसी दृष्टि से भूमि पूजन के बाद ही आज पौधे का रोपण किया गया, क्योंकि हमारी असली जिंदगी इन्हीं पेड़ पौधों के ऊपर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि आक्सीजन प्राण वायु पेड़-पौधों से ही मिलती है, जिससे मानव व जीव जंतुओं का विकास होता है। इस सजीवता को बनाए रखने के लिए हमें पौधारोपण जैसे कार्यक्रमों को अधिक से अधिक रूप में करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पेड़ पौधों को लगाना एक महान कार्य है। 
इस अवसर पर कुफरी क्षेत्र का एक प्रतिनिधि मंडल शहरी विकास मंत्री से मिला तथा टीसीपी नियमों के अंतर्गत कुफरी क्षेत्र के आसपास वाले गांव को टीसीपी नियमों से निकालने की मांग की। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष शिमला राजेश शारदा, मंडलाध्यक्ष कुसुम्पटी जितेंद्र भोटका, विशेष कार्यकारी अधिकारी मामराज पुंडीर, बनी पंचायत के पूर्व प्रधान रमेश शर्मा, राजेंद्र खशिया, तहसीलदार ठियोग वेद प्रकाश एवं अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *