Spread the love
शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने विद्यार्थियों से कहा है कि राजनीति में आने के लिए मुख्य उद्देश्य जनसेवा होना चाहिए। इसके लिए उन्हें अच्छी पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ अच्छे संस्कारों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई पेशा नहीं, जन सेवा है जो लोकतंत्र में चुने हुए लोगों को मिलती है। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा डिजिटल बाल मेले में देश व प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्कूली बच्चों के साथ हिमाचल प्रदेश विधानसभा बाल सत्र में बोल रही थी।

प्रतिभा सिंह अपने राजनीति में प्रवेश की जानकारी देते हुए कहा कि वह सौभग्यशाली हैं जो उन्हें प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने राजनीति में अपने अनुभव की जानकारी देते हुए कहा कि राजनीति के द्वार सबके लिए खुले हैं। देश के लोकतंत्र में देश के लोगों को अपने मत के द्वारा अपने प्रतिनिधि व नेता को चुनने का अधिकार है। यह अधिकार हमें देश के संविधान ने सभी नागरिकों को बगैर किसी लिंग भेद के दिया है। उन्होंने कहा कि यह कहना कि राजनीति में राज घरानों का ही प्रभाव रहा है, सही नही है।

प्रतिभा सिंह ने इस डिजिटल बाल मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा जुड़े देश-प्रदेश के विभिन्न स्कूली बच्चों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि आज राजनीति में बहुत सी चुनौतियां हैं। देश की बढ़ती समस्याओं जैसे बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ती जनसंख्या ऐसी जटिल समस्याएं हैं जो देश के सामने खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को दूर करने के लिये देश मे बेहतर शिक्षा का होना बहुत ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्व. वीरभद्र सिंह ने इस दिशा में बहुत ही श्रेष्ठ कार्य किया। आज प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों व अन्य आवश्यक आधारभूत ढांचा बना है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है जो निरंतर समयानुसार आगे बढ़ती रहती है।
प्रतिभा सिंह ने इस डिजिटल बाल मेले में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को उनके सफल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह सब देश का भविष्य है। इसलिए उन्हें अपनी पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *