शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि हिमाचल और कर्नाटक की जनता ने यह साबित कर दिया है कि देश में अब ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी। कर्नाटक में कांग्रेस की भारी जीत के बाद प्रियंका गांधी शनिवार शाम यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंची और चुनावी जीत की खुशी मनाई।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने पूरे देश को यह संदेश दे दिया है कि जनता ऐसी राजनीति चाहती है जो उनकी समस्याओं के समाधान की हो और जो उनके उनके मुद्दों पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल के बाद कर्नाटक में भी अपना पूरा प्रचार स्थानीय समस्याओं पर केंद्रिय रखा। उन्होंने कहा कि जनता अपने मुद्दों जैसे मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर बात करना चाहती थी और वह विकास चाहती थी। उन्होंने कहा कि हिमचाल के बाद आज कर्नाटक ने भी यही साबित कर दिया कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी। उनका कहना था कि कर्नाटक की जनता ने अपना ध्यान अपने मुद्दों पर केंद्रित रखा और ऐसा निर्णय लिया कि वहां की कथित भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फैंक दिया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में चुनाव लड़ा गया और इसमें यह जीत मिली। उन्होंने कहा कि मलिकाजुर्न खड़गे पूरा मन बना लिया था कि यह चुनाव हमको जीतना है और वह वहां पूरे एक माह चुनाव के दौरान रहे और वहां पूरे चुनाव का संचालन किया। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया है और उनके प्रयासों से ही यह जीत हासिल हुई है।
राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा वाली विधानसभा रूट की 91 सीटों में से जीती 75 फीसदी
प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्रा कर्नाटक में 91 विधानसभा क्षेत्रों से होकर निकाली गई और उनमें से 75 फीसदी पर कांग्रेस जीती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमने जनता से कई वादे किए हैं और गारंटियां भी दी हैं, इनको पूरा करने के लिए हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा से जनता को यह दिखाना है कि देश में यह एक अलग तरह की और नई राजनीति उभर सकती है जो विकास की बात करे और जो जनता के मुद्दों पर आधारित हो।
