शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह की बुधवार को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नेत्र शल्य चिकित्सा की गई। डॉक्टरों ने उन्हें इस शल्य चिकित्सा के बाद आगामी तीन-चार दिनों में सम्पूर्ण आराम करने की सलाह दी है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभा सिंह की एक आंख में मोतियांबिंद की शल्य चिकित्सा के बाद उन्हें डॉक्टरों ने कुछ दिन सम्पूर्ण आराम की सलाह दी है। इसलिए उनके इस हफ्ते के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
