शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने इस जीत का श्रय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस लगन और ईमानदारी से अपना दायित्व निभाया है उसके लिये वह इन सबकी आभारी हैं।
प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों के मार्गदर्शन के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी पार्टी नेताओं का भी आभार व्यक्त किया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि सगंठन के प्रति कार्यकर्ताओं की मेहनत से विधानसभा चुनावों के बाद शिमला नगर निगम व पालमपुर उप चुनाव में पार्टी ने अपनी जीत का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के लिए हिमाचल प्रदेश से शुरू हुआ जीत का सिलसिला अब आगे बढ़ेगा।
प्रतिभा सिंह ने नव निर्वाचित शिमला नगर निगम के पार्षदों को उनके नए दायित्व के लिये कांग्रेस संगठन की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कंधों पर शिमला शहर के विकास और लोगों की समस्याएं दूर करने की बहुत ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसे उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाना होगा। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के लोगों की उमीदों पर उन्हें खरा उतरना होगा। इसके लिए उन्हें दिन रात लोगों की सेवा व समर्पण के भाव से कार्य करना होगा।
