Spread the love
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी गारंटियों से तौबा कर ली है। कांग्रेस पार्टी को समझ आ गया है कि गारंटियों को देना तो आसान है, लेकिन उनको पूरा करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इस बार नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी से अपने घोषणा पत्र में केवल इरादे दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी गारंटियों से तौबा कर ली है‌। इसलिए कांग्रेस ने शिमला नगर निगम के लिए केवल इरादे जाहिर किए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. राजीव बिंदल बुधवार को यहां ‌मीडिया से बात कर रहे थे।
शिमला नगर निगम को लेकर डॉ. बिंदल कांग्रेस पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई गारंटिया दी थी, लेकिन मंगलवार को निगम चुनाव के लिए चुनाव घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस ने गारंटियों से तौबा कर दी। क्योंकि कांग्रेस द्वारा दी गई सारी गारंटिया फेल हो चुकी हैं‌। उन्होंने कहा कि न कर्मचारियों को न तो ओल्ड पेंशन मिली और न ही महिलाओं को 1500 रुपए मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 22 लाख महिलाएं अभी भी 1500 रुपए के इंतजार में है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस इरादे और वायदे की बात कह रही है और इसका प्रत्यक्ष नगर निगम शिमला के कांग्रेस के घोषणा पत्र में साफ दिख रहा है।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस से पूछा कि 25 साल तक कांग्रेस की नगर निगम बनी, पर उनके नेतृत्व में ढली की एक टनल तक नहीं बन पाई। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने 70 करोड़ की लागत से पानी की योजना बनाकर उसे निर्धारित समय में पूर्ण किया और ढली में नई टनल का निर्माण भी 53 करोड़ की लागत से किया। उन्होंने कहा कि मेनिफेस्टो में कांग्रेस अपना इरादे भी स्पष्ट नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि शिमला की जनता चार महीने में ही समझ गई है कि कांग्रेस की सरकार के हाथ खड़े हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिमला की जनता ने भाजपा के कार्यकाल में पिछले पांच साल में बदलता हुआ शिमला देखा है। भाजपा ने शिमला शहर को अनेकों सुविधाएं दी हैं, कांग्रेस इस बात से डरी हुई है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 6500 करोड़ रुपए आया है। शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ रुपए की नई पेयजल योजना भी भाजपा की सरकार ही लाई है। इसके साथ-साथ 1516 करोड़ रुपए की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *