बिलासपुर। राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने कहा है कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। इसी के तहत भाजपा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान पूरे प्रदेश में चलाया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ को सशक्त बनाने के लिए पूर्ण रणनीति तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि भाजपा आने वाले 2024 के आम चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
वे रविवार को घुमारवीं विधानसभा के जगन पैलेस में “बूथ सशक्तिकरण अभियान” को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित कर रही थी। इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल एवं प्रदेश महामंत्री और विधायक त्रिलोक जमवाल भी उपस्थित रहे।
पांडे ने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात भी सुनी और इसकी रिपोर्टिंग भी ऑनलाइन माध्यम से की गई है। पूरे देश में मन की बात कार्यक्रम को लेकर जनता में बड़ा जोश रहता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा है भाजपा ने 2 सीटें जीतकर शुरुआत की थी और आज राष्ट्र की सबसे बड़ी राजनीतिक दल बनके उभरा है। उन्होंने कहा कि एक हार से कोई राजनीतिक दल पीछे नहीं होता। आने वाले समय में भाजपा बड़ी छलांग लगाकर लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।
सरोज पांडे ने बैठक के दौरान बूथ सशक्तिकरण अभियान के सभी बिंदु कार्यकर्ताओं के समक्ष रखे और कहा कि जल्द ही इसी प्रकार के कार्यक्रम जिला मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक की प्रस्तावना बूथ सशक्तिकरण अभियान के प्रदेश संयोजक संजीव कटवाल द्वारा रखी गई और उसके उपरांत डाटा प्रबंधन के प्रदेश संयोजक कर्ण नंदा ने डाटा प्रबंधन को लेकर एक प्रस्तुति समस्त कार्यकर्ताओं के बीच रखी। इस बैठक में बिहारी लाल शर्मा, राजीव भारद्वाज, सुमित शर्मा, सुशील राठौर, अनिल डडवाल, रश्मिधर सूद, सुदेश ठाकुर, स्वतंत्र संख्यान, शिशु भाई धर्मा उपस्थित रहे।
