शिमला। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की धनराशि देने की कांग्रेस की गारंटी पर राज्य सचिवालय में शनिवार को मंथन हुआ। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने चर्चा के बाद 10.53 लाख से अधिक महिलाओं को नारी सम्मान योजना के तहत हर माह 1500 रुपए देने पर सहमति बनाई और अब रिपोर्ट कैबिनेट में पेश कि जाएगी।
बैठक के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बताया कि प्रदेश के सभी विकास खंड कार्यालयों से डाटा एकत्रित किया गया और पात्र महिलाओं की पहचान की गई। नारी सम्मान योजना के तहत प्रदेश की 10,53,021 महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपए दिए जाएंगे। इस बारे में कैबिनेट सब-कमेटी मंत्रिमंडल में सिफारिश करने जा रही है। यदि 1053021 महिलाओं को यह धनराशि देनी हो तो इससे प्रदेश सरकार पर 1,895 करोड़ रुपए की सालाना का बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान योजना का एजेंडा पहले कैबिनेट में लाया जाएगा और उसके बाद बजट सत्र में इसके लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।
धनीराम शांडिल ने कहा कि अप्रैल में आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन प्राप्त करने और उनकी जांच करने में करीब 45 दिन का समय लगेगा। जून के पहले सप्ताह तक लाभार्थियों को पैसा दिया जाएगा। यह राशि चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी।
