मंडी। कांग्रेस ने शनिवार को नाचन ब्लॉक में “हाथ से हाथ जोड़ो” अभियान के तहत बग्गी, कोट व धनोटू में लोगों के घर-घर जाकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का देश प्रेम का लिखित संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों से भी स्थानीय लोगों को अवगत करवाया।
अभियान का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के सह प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल ने किया। इस दौरान उनके साथ इस क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के प्रत्यशी रहे नरेश चौहान व ब्लॉक अध्यक्ष नील मणि ठाकुर भी साथ थे।
हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण की समाप्ति के बाद कांग्रेस ने देशभर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि लोग भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में भारी संख्या में जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस ने लोगों के मन से भाजपा के दबाव व भय की राजनीति दूर करने के लिए जो बीड़ा उठाया है, उसे वह सफलतापूर्वक पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज मे आपसी भाईचारे को मजबूत करना ही कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य है और उसे वह हासिल करके रहेगी।
हिमराल ने कहा कि प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान मार्च के अंत तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर ब्लॉक में पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का संदेश दे रहे हैं।
