ऊना। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार जब से सत्ता में आई है तब से बदला-बदली की भावना से कार्य कर रही है। इसका प्रमाण कांग्रेस सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश में चले चलाए संस्थानों को बंद करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही अपनी 10 गरंटियो को पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने वादे तो बहुत किए थे, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हो पा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऐसे कार्यालय भी बंद कर दिए, जहां पर सरकारी मुलाजिम काम कर रहे थे। इन सभी कार्यालयों की पूर्ण रूप से स्वीकृति लेने के बाद ही खोला गया था। उन्होंने कहा कि ये कार्यालय जनता की मांग पर खोले गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने जनता की बिल्कुल परवाह नहीं की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ओपीएस को लेकर कैबिनेट में फैसला कब का हो चुका है पर ओपीएस के आने की कोई संभावना नहीं लग रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा ओपीएस को लेकर कोई नोटिफिकेशन भी जारी नहीं हो पाई है। बात अगर महिलाओं को 1500 प्रति माह देने की हो तो वह वादा भी पूरा होता नहीं दिखाई दे रहा है।
