शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने प्रदेश सरकार द्वारा बस किराए में की गई 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है।
छाजटा ने कहा कि एक तरफ सरकार डीज़ल पेट्रोल के मूल्यों में बढ़ोतरी कर लोगों पर बोझ डाल रही है, वहीं दूसरी तरफ आज उसने बस किराए में बढ़ोतरी कर लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है और कांग्रेस इसका पूरा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि अगर राहत देना चाहती तो बस मालिकों को टैक्स में छूट देकर दी जा सकती थी और किराया वृद्धि को जनहित मे रोका जा सकता था।
छाजटा ने कहा कि अगर सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस इसके खिलाफ सड़कों में उतरेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के जनविरोधी निर्णय और नीतियों के खिलाफ कांग्रेस अब चुप बैठने वाली नहीं है।
