Spread the love
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंद्र सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। वहीं, हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे। शनिवार शाम को विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री पद के लिए मुकेश अग्निहोत्री के नाम का ऐलान किया गया।
सुखविंद्र सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
वहीं, नए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक भूपिंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल, राजीव शुक्ला राजभवन पहुंचे‌ और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उधर, रविवार दोपहर 1.30 बजे रिज मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह होगा।

सुक्खू ने गांधी परिवार का जताया आभार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वे सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा का व्यक्तिगत तौर पर आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं एक आम परिवार से संबंध रखता हूं। मेरी राजनीति में गांधी परिवार का बहुत बड़ा योगदान है। मुझे एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष राजीव गांधी ने बनायाथा। जबकि युवा कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बनाया। उन्होंने कहा कि मैं एक आम परिवार से संबंध रखता हूं। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की जनता से जो वादे किये है उन्हें शत-प्रतिशत लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर घोषणा को लागू करने की शत-प्रतिशत जिम्मेवारी मेरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता सुख भोगने नहीं आये हैं बल्कि जनता की सेवा के लिए आए हैं।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन के लिए संघर्ष करना है और नई सोच के साथ एक नई व्यवस्था के साथ हिमाचल प्रदेश को आगे ले जाना है। हिमाचल की भोली-भाली जनता के साथ एक सुंदर प्रदेश और स्वच्छ प्रदेश और इमानदार प्रदेश के रूप में आगे बढ़ाना है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता से सिर्फ इतना कहना चाहता हूं आपने हमें आशीर्वाद दिया अपने भरपूर प्यार दिया और आप हमें कुछ समय दीजिए। समय के अनुसार आने वाले समय में आपको जो भी चीजें होगी जो भी हमारे फैसले होंगे वह जनता को समर्पित होंगे। सुक्खू ने कहा कि समाज के गरीब, किसान बागवान युवाओं के हितों में फैसले उन से चर्चा के बाद लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा दृष्टिकोण सभी प्रकार से सभी लोगों की मदद करना है।
मुकेश अग्निहोत्री मेरे भाई – सुक्खू
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री उनके भाई हैं। वे विधायक दल के नेता थे, हमारा आपस का सामंजस्य बहुत जबरदस्त है। हम दोनों एक टीम के तौर पर कार्य करेंगे।
17 साल की उम्र में शुरू किया राजनीति जीवन
सुक्खू ने कहा कि 17 साल की उम्र में‌ उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन शुरू कर दिया था। कॉलेज के सीआर से लेकर राजकीय महाविद्यालय में एससीए अध्यक्ष, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष से लेकर सीएम पद तक पहुंचा। एनएसयूआई से पार्टी की विचारधारा की राजनीति में आए। उसके बाद उन्हें युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। सुक्खू ने कहा कि उनके परिवार में कोई राजनीति में नहीं था। उसके बाद उन्हें युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। वह शिमला नगर निगम के दो बार पार्षद रहे। उन्होंने कहा कि मैंने अपना राजनीतिक जीवन जमीनी स्तर से शुरू किया, फिर विधायक बना।
पार्टी ने जो दिया कभी भूल नहीं सकता
सुक्खू ने कहा कि पार्टी ने मुझे जो दिया, उसे वह कभी भूल नहीं पाएंगा। उन्होंने कहा कि वह एक बात स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि वे सभी लोगों के साथ हैं और सभी लोगों का दिल जीतने की कोशिश करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *