सुक्खू ने दावा किया कि प्रदेश में 8 दिसंबर को मतगणना के बाद कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विधान सभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस की स्टार प्रचारक थी। उनके प्रचार में कूदने से प्रदेश में कांग्रेस की लहर बनी। उन्होंने भाजपा के स्टार प्रचारक पीएम मोदी के हरेक चुनावी दाव को बेअसर साबित किया। भाजपा की तमाम चुनावी रणनीति उनके सामने फेल हुई। प्रियंका के कुशल नेतृत्व और रणनीति से कांग्रेस चुनाव जीत रही है। देश में प्रियंका गांधी का सिर्फ शिमला में घर है। हिमाचल से उनका विशेष लगाव है।
सुक्खू ने कहा कि भाजपा के कई प्रत्याशी हमारे संपर्क में हैं। मगर कांग्रेस हॉर्स ट्रेडिंग में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए पहले विधायक बनना जरूरी है। कांग्रेस के सभी प्रत्याशी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसी भी नेता का दावा जताना गलत नहीं है। आठ दिसंबर को नतीजे जारी होने के बाद कांग्रेस के विधायकों की बैठक होगी। हाईकमान की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री का चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को विधायकों की खरीद फरोख्त करने लायक सीटें भी नहीं मिलेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी में बिखराव होने पर ही खरीद फरोख्त का डर होता है। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस ने एकजुटता से चुनाव लड़ा है। पार्टी के सभी प्रत्याशी संगठन से जुड़े नेता हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रत्याशी अगर किसी नेता से मिलता है तो उसका इतर मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। पार्टी के नेता मिलकर एक-दूसरे से चुनावी फीड बैक लेते हैं।
