Spread the love
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के रामपुर (शिमला), कोटखाई और रोहडू में भाजपा के विजय संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की जनता से विकास के लिए एक बार पुनः भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने की अपील की।
नड्डा ने कहा कि विपक्ष हर बार चुनाव को उलझाने का कुप्रयास करता है, मतदाताओं को भटकाने की साजिश करता है और प्रजातंत्र की चलती हुई गाड़ी को अटकाने का काम करता है। लेकिन, जो लोग मेहनत और विश्वास के साथ लोगों के साथ कंधे से कंधा मिला कर विकास के लिए काम करते हैं, वे चुनाव को सुलझाने का काम करते हैं और अटके हुए और भटके हुए लोगों को निकाल कर प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। चाहे केंद्र में हो या राज्य में, कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार के नाम पर वोट मांगा है। कांग्रेस की यही मानसिकता ही बताती है कि उनका खड़ा प्रत्याशी बैसाखियों पर खड़ा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और राजनीतिक पर्यटन पर आई आम आदमी पार्टी को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हिमाचल प्रदेश में राज नहीं, रिवाज बदल रहा है और हर जगह कमल ही कमल खिल रहा है। जनता ने हाल ही में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और असम में भी रिवाज बदला है। अब रिवाज बदलने की बारी हिमाचल प्रदेश की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की यहां सभी की सभी सीटों पर उमीदवारों की जमानत जब्त होना तय है।
नड्डा ने भाजपा के संकल्प पत्र को उद्धृत करते हुए कहा कि हमने अपने संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों के लिए हिमाचल प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया है। हमारी सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश में भी यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड लागू की जायेगी। अगले पांच वर्षों में हम हिमाचल प्रदेश से नशे के कारोबार को ख़त्म करेंगे। हिमाचल की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि योजना शुरू करेगी जिसके तहत राज्य के छोटे किसानों को 3,000 रुपये वार्षिक की आर्थिक सहायता दी जायेगी जो पीएम किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त होगा। अगले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे। हिमाचल प्रदेश में वक्फ की अवैध संपत्तियों की जांच भी कराई जाएगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार किसी राजनीतिक पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के लिए अलग से स्त्री शक्ति संकल्प पत्र जारी किया है क्योंकि हमारा स्पष्ट मानना है कि जब तक महिलाओं का सशक्तिकरण नहीं होता, तब तक किसी समाज के या किसी राज्य अथवा देश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। हमने निर्णय लिया है कि फिर से हिमाचल में हमारी सरकार बनने पर छठी से बारहवीं तक पढ़ने वाली बेटियों को साइकिल और बारहवीं से ऊपर पढ़ने वाली बेटियों को स्कूटी दी जायेगी। गर्भवती माताओं को पोषक आहार और उनके स्वास्थ्य खर्च के लिए 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। हमारी सरकार आने के बाद हर साल माताओं को तीन गैस सिलिंडर मुफ्त दिए जायेंगे।
नड्डा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर इसी तरह अपना विश्वास बनाए रखेगी और भाजपा हिमाचल प्रदेश में पुनः एक बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *