Spread the love
रिकांगपिओ। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज श्याम शरण नेगी के निवास स्थान पहुँच कर उनके परिजनों से मुलाकात की। राजीव कुमार ने श्याम शरण नेगी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा के लिए सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम सब देशवासी मतदान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और लोकतंत्र की नींव को और सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि श्याम शरण नेगी 70 सालों से ऊपर लगातार मतदान करते रहे और जाते जाते भी पोस्टल बैलट द्वारा 2 नवंबर 2022 को अपना फर्ज अदा कर गए। श्याम शरण नेगी की यह कर्तव्य निष्ठा, युवा मतदाताओं के लिए एक मिसाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता के लोकतंत्र में अदम्य भावना और विश्वास को सलाम करता है।
उन्होंने कहा कि सम्मानित बुजुर्गों के लोकतंत्र में निरंतर भागीदारी से निष्पक्ष, पारदर्शी, समावेशी और सुगम चुनाव कराते रहने की जिम्मेदारी का अहसास और बढ़ जाता है।
परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान, श्याम शरण नेगी के पुत्र ने राजीव कुमार द्वारा श्याम शरण नेगी को भेजे गए एक आभार पत्र बारे बताया। उन्होंने बताया कि श्याम शरण नेगी पत्र को पढ़कर बहुत खुश थे और उन्होंने कहा था कि वह परिवार के युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त नीतीश कुमार व्यास, प्रधान सचिव भारत चुनाव निगम राहुल शर्मा, महानिदेशक शेफाली शरण, मुख्य सचिव हिमाचल प्रदेश आर डी धीमान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग, जिला किन्नौर में नियुक्त किए गए सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक तरुण राठी, व्यय पर्यवेक्षक मेघा राघव, उपायुक्त एवं जिला चुनाव अधिकारी आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा डॉ मेजर शशांक गुप्ता भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *