Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि विकास के मामले में उसने जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के साथ बड़ा भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल करेगी।
आज अपने चुनावी दौरे में किन्नौर जिला के सांगला व कुल्लू जिला के आनी में कांग्रेस प्रत्यशियों के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इनकी गलत नीतियों व निर्णयों ने देश को बहुत बड़े संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला इसका सबसे बड़ा घोटाला है। इस घोटाले में इसके नेताओं ने करोड़ों रुपये कमाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस घोटाले की जांच करेंगी व दोषियों को कड़ी कानूनी सजा दिलाई जाएगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों व सेब बागवानों की घोर उपेक्षा की है। आज इस सरकार से हर वर्ग परेशान है । उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 70 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ चुका है। डबल इंजन का दावा करने वाली भाजपा सरकार के दोनों इंजन अब पटरी से उतर रहें है। प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है।
प्रतिभा सिंह ने लोगों से कांग्रेस को भारी बहुमत देने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करेंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *