Spread the love
ऊना। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता आने पर ट्रक यूनियन के हितों की रक्षा करने के लिए यहां हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट में ट्रक यूनियन का पक्ष सरकार रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो विधानसभा में कानून बनाकर ट्रक यूनियन व ट्रक ऑपरेटर्स के हितों की रक्षा की जाएगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह ट्रक ऑपरेटर्स रोजगार भी देते हैं, अर्थव्यवस्था को भी चलाते हैं और इनकी रोजी रोटी अच्छी चले, इसके लिए कांग्रेस की सरकार आने पर नीतिगत निर्णय लिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वह उद्योग मंत्री रहे हैं। उस समय भी उन्होंने बेहतरी से ट्रक यूनियंस के काम को चलाया और वर्तमान में जिस प्रकार से ट्रक यूनियन के साथ ट्रक ऑपरेटर्स के साथ धोखा हो रहा है, उससे मन व्यथित है। अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी कई ट्रक यूनियन से बात हुई है। उनके मसलों को हल करने के लिए प्राथमिकता पर काम करेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी खजाने की लूट कर सरकारी समारोह को मनाया जा रहा है। जहां बारिश नहीं है वहां भी वाटर प्रूफ टेंट लगाए जा रहे हैं। एक समान टेंट लगाकर के हिमाचल के 75 वर्ष के नाम पर लूट की जा रही है और चुनावों से पहले इसे पॉलीटिकल रैली बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को राहत सरकार नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि ‌जनता महंगाई से त्रस्त है।‌ राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री उड़न खटोले में प्रदेश की जनता के पैसे से ऐश परस्ती कर रहे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जो गारंटी दी है इस पर मुख्यमंत्री व भाजपा के नेता यह तंज कसते थे, कि केवल मुकेश अग्निहोत्री बोल रहा है।‌ उन्होंने कहा कि आज उन्हें समझ आ गया होगा कि कांग्रेस हाईकमान ने भी वही गारंटी देने का वायदा कर दिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गारंटी कांग्रेस की है। इच्छाशक्ति हमारी है, पूरी भी हम करेंगे। भाजपा नेता गले में ढोल काहे को बजा रहे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली हर घर को देंगे। हिमाचल प्रदेश में बिजली की क्षमता का दोहन करेंगे। उन्होंने कहा कि हर महिला के खाते में 15 सौ रुपए कांग्रेस सरकार डालेगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ओपीएस कर्मचारियों को वह देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वादा किया है और वह केंद्र सरकार की ओर नहीं देखेंगे। हिमाचल के संसाधनों से देकर बताएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी के साथ कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ खड़ी है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज कर्मचारी संघर्ष कर रहा है, आंसू बहा रहा है। उसके ऊपर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। राजनीतिक आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कर्मचारियों को ओपीएस की राहत देंगे, वहीं निगम व बोर्डों में भी पेंशन की योजना को लागू करेंगे और जो भी मुकदमे राजनीतिक आधार पर दर्ज हुए हैं, सब को वापस लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस से फिजूलखर्ची पर लगाम लगाएगी। अपने संसाधनों को बढ़ाएंगे और जनता से किए वादों को पूरा करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 60 महीने बीत चुके हैं और अब अंतिम दिनों में एक सैद्धांतिक पत्र बल्क ड्रग पार्क का लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ड्रग पार्क होता क्या है यह भी भाजपा के नेताओं को पता नहीं है? उन्होंने कहा कि इसे‌ भी हम ने ही उठाया था और पूरा भी हम करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *